उत्तर प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भाई सहित 6 लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है. भगवान सिंह कुशवाह आगरा में खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. उनके भाई सहित छह लोगों के खिलाफ नौकरी से जुड़ी धोखाधड़ी का आरोप लगा है. मिली जानकारी के अनुसार विधायक के भाई समेत अन्य आरोपियों पर आरोप है कि इन लोगों ने नौकरी के नाम पर 16 लाख रुपए ठगे. पुलिस शिकायत के अनुसार युवती को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर हाथरस जिला पंचायत कार्यालय में ज्वाईन करवाया गया. ढाई माह तक युवती नौकरी भी करती रही. बाद में फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस शिकायत की कोशिश शुरू की, लेकिन आरोपियों के भाजपा विधायक से संबंध होने के कारण शिकायत दर्ज होने में देरी हुई.
पीड़ित पक्ष आरोपियों के रिश्तेदार, जेवर बेचकर दिए थे रुपए
नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़े की इस कहानी की खास बात यह है कि पीड़ित पक्ष आरोपियों के रिश्तेदार ही हैं. पीड़ित पक्ष का कहना है कि रिश्तेदार होने के कारण बहुत भरोसा कर जेवर बेचकर और कर्ज लेकर रुपए दिए. लेकिन पक्की नौकरी नहीं मिली. अब पैसे वापस करने में भी आनाकानी कर रहे हैं.
मामले में पीड़ित की शिकायत की ACP ने जांच की. जांच रिपोर्ट के बाद मुकदमा लिखा गया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने शुरुआती जांच में माना कि ठगी के पर्याप्त साक्ष्य हैं.
लोहामंडी थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
भाजपा विधायक के भाई सहित अन्य लोगों के खिलाफ यह शिकायत तोता का ताल, लोहामंडी निवासी अमर सिंह कुशवाह ने दर्ज करवाई है. अमर सिंह कुशवाह ने लोहामंडी थाने में दी अपनी शिकायत में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आपराधिक साजिश के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
भाजपा विधायक के भाई सहित इन लोगों पर आरोप
नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़े के इस केस में भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भाई विजय पाल सिंह कुशवाह, उनकी पत्नी मंजू कुशवाह, के अलावा राकेश कुमार बघेल, योगेंद्र प्रताप सिंह, सुदेश कुमार और अनुज को आरोपी बनाया गया है. पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत के साथ वीडियो सबूत भी पुलिस को दिए. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
यह भी पढे़ं - यूपी में यादवों से भी ज्यादा कुर्मी वोटरों की क्यों हो रही चर्चा? BJP से सपा तक सबके फोकस में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं