विज्ञापन
This Article is From Jul 21, 2020

सरकार ने कहा- COVID-19 पॉजिटिविटी दर 5% तक नीचे लाना ही अंतिम उद्देश्य

स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी राजेश भूषण ने कहा कि भारत में आज भी 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना मामलों की संख्या 837 है जो विश्व के बड़े देशों की तुलना में काफी कम है.

सरकार ने कहा- COVID-19 पॉजिटिविटी दर 5% तक नीचे लाना ही अंतिम उद्देश्य
देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 11 लाख 55 हजार के पार पहुंच गया है.
नई दिल्ली:

देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus) से 11 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं वहीं, अब तक 28 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि COVID-19 पॉजिटिविटी दर 5% तक नीचे लाना ही अंतिम लक्ष्य है. स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी राजेश भूषण ने कहा कि भारत में आज भी 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना मामलों की संख्या 837 है जो विश्व के बड़े देशों की तुलना में काफी कम है.
 


उन्होंने कहा कि कुछ देश तो ऐसे हैं जहां भारत की तुलना में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 12 या 13 गुणा मामले हैं. उन्होंने कहा कि, अगर प्रति 10 लाख जनसंख्या पर मृत्यु दर को देखें तो यह भारत में 20.4 है. यह भी विश्व में सबसे कम मृत्यु दरों में से है.

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हम भारत में प्रति दिन प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 180 टेस्ट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज के दिन भारत में 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां कि पॉजिटिविटी भारत की औसत पॉजिटिविटी से कम है.  उन्होंने कहा कि देश में वास्तविक कोविड सक्रिय मामलों का आकड़ा 4,02,529 है, दूसरी तरफ 7,24,000 के लगभग लोग पूरी तरह ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि हमें सक्रिय मामलों पर ध्यान देना चाहिए..

बता दें कि देश में कोरोनावायरस को लेकर स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 37,148 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या 11,55,191 पर पहुंच चुकी हैं. इस दौरान 587 मरीजों की मौत हुई है जिसके बाद कुल मृतकों की संख्या 28084 हो गई है. इसके अलावा 724578 लोग इस खतरनाक वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं. पॉजिटिविटी रेट में इजाफा देखने को मिला है जोकि चिंता का विषय है, यह 11.14 फीसदी पर पहुंच गया है. वहीं रिकवरी रेट 62.72 फीसदी पर पहुंच गया है. 

VIDEO: 172 दिनों में देश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 11 लाख के पार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus, Coronavirus Death, Coronavirus Death In India, Home Ministry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com