हरियाणा के गुरुग्राम में ब्रिटेन से भारत लौटे 35 वर्षीय इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इंजीनियर का शव सेक्टर-53 स्थित एक होटल के कमरे में बने जकूजी यानि लक्जरी बाथटब में मिला. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है, जो मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. शुरुआती जांच में कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला है और CCTV फुटेज में भी कोई बाहरी व्यक्ति कमरे में आता-जाता दिखाई नहीं दिया है. ऐसे में पुलिस हार्ट अटैक, हादसे या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
मैनचेस्टर में इंजीनियर थे प्रांजिल पाठक
पुलिस के अनुसार प्रांजिल पाठक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे. वह यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर में रहकर एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. हाल ही में वह भारत आए थे और अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड के ऋषिकेश भी गए थे. बताया जा रहा है कि छुट्टियां बिताने के बाद वह दिल्ली लौटे थे और इसके बाद गुरुग्राम पहुंचे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि उनका भारत दौरा इस तरह खत्म होगा. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को ऋषिकेश से लौटने के बाद प्रांजिल दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे. यहां उन्होंने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाकर विदा किया. इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में रात रुकने के लिए कमरा बुक कराया. होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा नंबर 302 आवंटित किया था.
शाम को होटल स्टाफ को हुआ शक
पुलिस के मुताबिक देर शाम करीब 8 बजे होटल कर्मचारियों को कमरे में किसी अनहोनी की आशंका हुई. जब कमरे की जांच की गई तो प्रांजिल जकूजी के पानी में अचेत अवस्था में पड़े मिले. होटल प्रबंधन ने तुरंत डॉक्टर को बुलाया. डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद होटल में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है. साथ ही पुलिस ने होटल स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है.
CCTV में नहीं दिखा कोई बाहरी व्यक्ति
जांच के दौरान पुलिस ने होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट गेट पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच अधिकारियों के अनुसार शुरुआती फुटेज में ऐसा कोई व्यक्ति नजर नहीं आया जो प्रांजिल के कमरे में गया हो. पुलिस का कहना है कि कमरे में पहुंचने के बाद कोई बाहरी व्यक्ति वहां आता दिखाई नहीं दिया. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कमरे का दरवाजा भी अंदर से लॉक मिला. यही वजह है कि जांच फिलहाल कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. जांच में यह संभावना भी देखी जा रही है कि जकूजी में नहाने के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया हो. इसके अलावा पैर फिसलने, बेहोश होकर पानी में गिरने या पानी में डूबने जैसी परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है. हालांकि पुलिस का साफ कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की जा सकती. फिलहाल गुरुग्राम पुलिस इस मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रांजिल पाठक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, यह एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी है.
ये भी पढ़ें: ACP मनस्वी वशिष्ठ की परेशानी और बढ़ेगी? इधर दिल्ली पुलिस से सस्पेंड, उधर हाई कोर्ट पहुंचे वकीलों ने की यह मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं