अगर आप पूरी फैमली के नई कार खरीदना चाहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. फ्रांस की पॉपुलर कार मैन्युफैक्चरर Renault ने भारतीय बाजार में अपने पैर मजबूत करने के लिए अपनी सबसे लोकप्रिय 7-सीटर एमपीवी Renault Triber को अपग्रेड कर दिया है. कंपनी ने इसे बिना किसी बड़े डिजाइन बदलाव के एक अधिक पावरफुल Turbo चार्ज्ड इंजन ऑप्शन के साथ पेश किया है. ये नया मॉडल 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर TCe 100 Turbo इंजन के साथ आता है. ये 99bhp की शानदार पावर जनरेट करता है.
कंपनी ने इस लॉन्चिंग को भारत में अपने बड़े बिजनेस प्लान के एक हिस्से के रूप में पेश किया है. इसके तहत कंपनी अगले 18 महीनों में भारतीय बाजार में 12 नई गाड़ियां लॉन्च करने की योजना बना रही है.
Renault Triber Turbo का नया और पावरफुल इंजन
Renault Triber के इस नए Turbo वेरिएंट में सबसे बड़ा बदलाव कार के बोनट के नीचे किया गया है. इसका नया 1.0-लीटर Turbo-पेट्रोल इंजन 99bhp की मैक्सिमम पावर और 180Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. अगर इसकी तुलना नॉर्मल ट्राइबर (71bhp पावर और 96Nm टॉर्क) से करें, तो ये पावर और परफॉर्मेंस के मामले में काफी आगे है. कंपनी के अनुसार, ये TCe 100 इंजन इस 7-सीटर गाड़ी को मात्र 10.8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पर पहुंचाने में पूरी तरह कैपेबल है.
कंपनी का दावा है कि पावरफुल होने के बावजूद ये Turbo इंजन 21 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देता है. ये इसे अपने सेगमेंट की सबसे ज्यादा फ्यूल-एफिशियंट 7-सीटर कार बनाता है. इस नए इंजन में एक मॉडर्न इंजन मैनेजमेंट सिस्टम (EMS) दिया गया है. ये इंजन Renault की दूसरी कारों जैसे Kiger और Duster से जैसी है, लेकिन ट्राइबर के लिए इसे 180Nm के अधिक टॉर्क के साथ बेहतर ट्यून किया गया है.

डिजाइन और डायमेंशन
इस नई Turbo कार की बॉडी डिजाइन और बुनियादी पैकेजिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ये देखने में बिल्कुल नॉर्मल मॉडल जैसी ही दिखती है. इसकी एकमात्र पहचान इसके रियर पर दिया गया एक स्पेशल 'Turbo' बैज है. ये कार रेनॉल्ट ग्रुप एंट्री प्लेटफॉर्म (RGEP) पर बेस्ड है, जो कंपनी के कड़े CMF-A आर्किटेक्चर का ही एक अधिक अपग्रेड और सुरक्षित वर्जन है. इसकी कुल लंबाई 3,985mm, चौड़ाई 1,734mm, ऊंचाई 1,643mm और इसका व्हीलबेस 2,636mm रखा गया है, जो केबिन के भीतर यात्रियों को खुली और आरामदायक जगह देता है.

वेरिएंट्स और एक्स-शोरूम कीमतें
रेनॉल्ट ने अपने इस नए Turbo-इंजन को केवल चुनिंदा प्रीमियम वेरिएंट्स के साथ ही उपलब्ध कराया है. Triber TCe 100 Evolution की शुरुआती कीमत 7.84 लाख (एक्स-शोरूम) तय की गई है. जबकि Triber TCe 100 Techno वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 8.53 लाख रुपये रखी गई है. Triber TCe 100 Emotion इसका सबसे टॉप मॉडल है. ये 8.99 लाख की एक्स-शोरूम कीमत पर मिलेगा. आपको बता दें कि नॉर्मल 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन वाली स्टैंडर्ड ट्राइबर की शुरुआती कीमत बाजार में 5.80 लाख रुपये से शुरू होती है.

नई Renault Triber चार अलग-अलग वेरिएंट्स और तीन अलग-अलग ट्रिम्स में बेची जाएगी. इसके सबसे बेस मॉडल (Authentic) में Turbo-मैनुअल या ऑटोमैटिक (AMT) का कोई ऑप्शन नहीं मिलेगा. वहीं, इसके Evolution, Techno और Emotion ट्रिम्स में 5-स्पीड मैनुअल Turbo इंजन मिलेगा. इसका ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स ऑप्शन केवल सबसे टॉप-स्पेक Emotion वेरिएंट के साथ ही उपलब्ध कराया गया है. कंपनी भविष्य में इस Turbo चार्ज्ड इंजन के साथ एक प्रॉपर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का भी ऑप्शन जोड़ने की तैयारी कर रही है.
ये भी पढ़ें- 33.73 KM तक का माइलेज, कीमत 6.45 लाख से शुरू, अगस्त में इन CNG कारों की बंपर सेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं