- पुलिस ने नाइजीरियाई मूल के दो विदेशी नागरिकों को 39.27 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया.
- आरोपी वर्ष 2018 में छात्र वीजा पर भारत आए थे और पिछले तीन वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे.
- आरोपियों ने कॉलेजों और आवासीय सोसाइटी में व्हाट्सएप के जरिए ड्रग्स की सप्लाई की.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित थाना इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाइजीरियाई मूल के दो विदेशी नागरिकों को प्रतिबंधित मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए (मेथामफेटामाइन श्रेणी का ड्रग), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक स्कूटी बरामद की है.
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और विदेशी नागरिकों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है. जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2018 में छात्र वीजा पर भारत आए थे और पिछले तीन वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे. वे कॉलेजों और आवासीय सोसाइटी में व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों, खासकर छात्रों, से संपर्क कर ड्रग्स की सप्लाई करते थे. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दिल्ली से एक व्यक्ति से ड्रग्स खरीदकर लाते थे और करीब 5,000 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे. बरामद मादक पदार्थों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है.
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत सघन चेकिंग के दौरान औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से यह ड्रग्स बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय एंथोनी चिनवुबा उर्फ डेविड और 30 वर्षीय एमोस मूसा उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया के अबुजा के निवासी हैं. एंथोनी बिसरख क्षेत्र की नेचर वैली सोसाइटी में रहता था, जबकि एमोस नॉलेज पार्क-3 स्थित एक सोसाइटी में रह रहा था. प्रारंभिक जांच में दोनों का मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ाव सामने आया है. उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें : NEET में फेल हुआ तो फर्जी ब्रिगेडियर बना आर्यन वर्मा, किराए पर रखे बाउंसर-ड्राइवर, मां सरकारी टीचर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं