विज्ञापन
This Article is From Jul 03, 2017

बुलंदशहर : शौच के लिए बाहर गईं दो नाबालिगों को अगवा कर गैंगरेप, आरोपी फरार

दबंगों ने गांव की ही दो नाबालिगों को अगवा कर दूर एक स्कूल में गैंगरेप किया और देर रात दिल्ली बदायूं स्टेट हाइवे पर 15 किलोमीटर दूर छोड़कर फरार हो गए.

बुलंदशहर : शौच के लिए बाहर गईं दो नाबालिगों को अगवा कर गैंगरेप, आरोपी फरार
यूपी के बुलंदशहर में दो नाबालिगों के साथ अगवा कर गैंगरेप
  • गांव के ही लोगों ने अगवा कर किया गैंगरेप
  • गैंगरेप कर पीड़िता को हाइवे पर फेंका
  • परिजन रात में ही दर्ज करवा चुके थे गुमशुदगी की रिपोर्ट
बुलंदशहर: महिलाओं की सुरक्षा और यूपी को अपराध मुक्त बनाने का योगी सरकार का दावा खोखला साबित होता जा रहा है. बेलगाम अपराधी हर रोज़ नई-नई वारदातों को अंज़ाम दे रहे हैं. ताजा मामला बुलंदशहर का है, जहां दो नाबालिगों को अगवा कर गैंगरेप का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम दोनों नाबालिग शौच के लिए निकली थीं, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया. बलात्कार के बाद दोनों को गांव से 15 किलोमीटर दूर दिल्ली-बदायूं हाइवे पर छोड़ कर दरिंदे फ़रार हो गए. पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराने के बाद एफ़आईआर दर्ज कर ली है, लेकिन पांचों आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
दबंगों ने शौच करने गईं दो नाबालिगों को अगवा कर दूर एक स्कूल में गैंगरेप किया और देर रात दिल्ली बदायूं स्टेट हाइवे पर 15 किलोमीटर दूर छोड़ कर फरार हो गए. दोनों पीड़िता हाइवे के किनारे एक मंदिर के बाहर बैठी रहीं. सुबह 3 बजे गांव के कुछ लोगों ने बच्चियों को बैठे देख पूछताछ की तो बच्चियों ने गांव में अपने घर पहुंचाने की बात कही. गांव के लोग सुबह बच्चियों को लेकर उनके घर पहुंचे तो बच्चियों ने आपबीती सुनाई. परिजन रात को ही बच्चियों की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे चुके थे. वारदात के बाद एक बार फिर हाइवे पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं कि आरोपी सड़क पर दौड़ते रहे और पुलिस सोती रही. 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bulandshahr, Uttar Pradesh, Gangrape With Minor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com