विज्ञापन

द्वारका में 'धतूरा गैंग' का पर्दाफाश, मीठी बातों में फंसाकर बुजुर्गों को पिलाते नशे वाला जूस, फिर करते गहने साफ

द्वारका में श्रद्धालुओं की आस्था को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. ये गैंग गन्ने के रस में धतूरे का पाउडर मिलाकर बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को बेहोश कर लूटते थे.

द्वारका में 'धतूरा गैंग' का पर्दाफाश, मीठी बातों में फंसाकर बुजुर्गों को पिलाते नशे वाला जूस, फिर करते गहने साफ
AI Image
  • द्वारका में श्रद्धालुओं को लूटने वाले दो ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है
  • आरोपियों ने गन्ने के रस और ठंडे पेय में धतूरे का पाउडर मिलाकर तीर्थयात्रियों को बेहोश कर लूट की वारदातें कीं
  • पुलिस ने खंभालिया-पोरबंदर हाईवे के पास रेलवे क्रॉसिंग से 3 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का माल बरामद किया है

देवभूमि द्वारका में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद अहम खबर है. भगवान के दर्शन करने पहुंचे बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मीठी-मीठी बातों में फंसाकर लूटने वाले एक शातिर 'धतूरा गैंग' को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. फूलडोल उत्सव के दौरान जहां हजारों भक्त जगत मंदिर में आशीर्वाद लेने आते हैं, वहीं भावनगर के रहने वाले ये दो ठग श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाने की फिराक में थे. ये गैंग गन्ने के रस और कोल्ड ड्रिंक में धतूरे का पाउडर मिलाकर बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को बेहोश कर लूटते थे.

मीठी बातों का जाल और धतूरे का जहर

देवभूमि द्वारका LCB ने जिन दो आरोपियों को पकड़ा है, उनके नाम कालुभाई अमरसीभाई वाघेला और हरेशभाई उर्फ हकलो हैं. ये दोनों भावनगर के रहने वाले हैं. इनका शिकार करने का तरीका बेहद खौफनाक था. ये दोनों चरकला गांव और लाइट हाउस के आस-पास के पैदल रास्तों पर थकान से चूर बुजुर्ग यात्रियों को निशाना बनाते. आरोपी मीठी-मीठी बातें कर मददगार स्थानीय निवासी होने का ढोंग करते थे. वे गर्मी का हवाला देकर श्रद्धालुओं को गन्ने का रस और कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए बोलते. लेकिन इस ड्रिंक में धतूरे का खतरनाक पाउडर मिला होता था. इसे पीते ही कुछ ही मिनटों में श्रद्धालु बेहोश हो जाते थे, जिसके बाद ये ठग उनके सोने के गहने और नकदी लूटकर भीड़ में गायब हो जाते थे.

3 लाख से ज्यादा का माल बरामद

टेक्निकल सर्विलांस और लोकल मुखबिरों की मदद से पुलिस ने खंभालिया-पोरबंदर हाईवे पर एक रेलवे क्रॉसिंग के पास से इन दोनों लुटेरों को दबोच लिया. पुलिस ने इनके पास से कुल 3 लाख 14 हजार रुपये का सामान बरामद किया है, जिसमें 3 लाख 5 हजार रुपये कीमत के सोने के 6 कान के गहने, दो मोबाइल फोन और लूटी गई नकद राशि शामिल है.

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी कालुभाई कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि वह एक आदतन क्रिमिनल है जिस पर गुजरात के कई जिलों में लूट और जहरखुरानी के कई मामले पहले से दर्ज हैं.

यह भी पढ़ें: बंगाल में TMC या BJP? चुनाव की घोषणा के बाद पहले ओपिनियन पोल की भविष्यवाणी जान लीजिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat News, Gujarat Crime, Dwaraka News, Gujarat Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com