विज्ञापन

केमिकल बम की तरह तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफॉर्मर, आग की लपटें देख घबराए लोग, खौफनाक वीडियो

कर्नाटक के दावणगेरे जिले में सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर में तेज धमाके के साथ आग लगने से वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए. ट्रांसफॉर्मर किसी केमिकल बम की तरह फटा, जिसके बाद चारों तरफ आग की लपटे दिखाई दीं.

दावणगेरे में ट्रांसफॉर्मर फटने से भीषण आग
  • कर्नाटक के दावणगेरे जिले में सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण धमाका हुआ जिससे इलाके में दहशत फैल गई
  • धमाके के बाद ट्रांसफॉर्मर से आग की ऊंची लपटें निकलीं और आग ने कबाड़ की दुकान ,दो वाहनों को पूरी तरह जला दिया
  • धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कुछ घरों की दीवारें भी टूट गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई
दावणगेरे:

कर्नाटक के दावणगेरे जिले में सड़क किनारे लगे एक ट्रांसफॉर्मर में अचानक हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. ट्रांसफॉर्मर में इतना तेज विस्फोट हुआ कि ऐसा लगा मानो कोई केमिकल बम फट गया हो. धमाके के तुरंत बाद ट्रांसफॉर्मर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग आसपास के इलाके में फैल गई. इस घटना में एक कबाड़ की दुकान और दो वाहन जलकर राख हो गए. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कुछ घरों की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा.

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

यह घटना दावणगेरे के के.टी.जे. नगर स्थित 8वें क्रॉस की है. यहां सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ. धमाके के साथ ही ट्रांसफॉर्मर आग के गोले में तब्दील हो गया. वहां मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला. अचानक हुए विस्फोट और आग की ऊंची लपटों को देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. 
घटना का पूरा खौफनाक मंजर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रांसफॉर्मर में धमाका होते ही आग की लपटें तेजी से फैलती हैं और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए भागने लगते हैं. 

आग की चपेट में आई कबाड़ की दुकान और दो वाहन

ट्रांसफॉर्मर में हुए विस्फोट के बाद आग ने आसपास की दुकानों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते पास में स्थित कबाड़ की दुकान आग की लपटों से घिर गई. दुकान में रखे सामान ने आग को और भड़का दिया. इसके अलावा दो वाहन भी आग की चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए. धमाके का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा. विस्फोट इतना तेज था कि कुछ घरों की दीवारें तक टूट गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग इस अचानक हुए धमाके से बुरी तरह सहम गए.

ये भी पढ़ें:- विशाखापत्तनम की HPCL रिफाइनरी में भीषण आग, धमाके जैसी आवाजों के बाद मचा हड़कंप

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला. आग की तीव्रता और उसके आसपास फैलने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
ट्रांसफॉर्मर में अचानक हुए इस भीषण विस्फोट ने इलाके में बिजली के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल घटना के खौफनाक सीसीटीवी फुटेज ने लोगों का ध्यान खींचा है. हालांकि, ट्रांसफॉर्मर में धमाके की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा. 

ये भी पढ़ें:- 'गार्ड गेट बंद कर भाग गया... 4 लोगों की दर्दनाक मौत', मंगोलपुरी जूता फैक्‍ट्री में लगी आग की खौफनाक आपबीती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Davangere, Blast, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com