- राम मंदिर के CEO के लिए कैंडिडेट का इंटरव्यू शुरू हो चुका है
- कुल 18 कैंडिडेट का इंटरव्यू तीन मेंबर की कमिटी ले रही है
- 5,200 उम्मीदवारों में से 18 कैंडिडेट को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है
अयोध्या में राम मंदिर ट्र्स्ट के CEO के लिए उम्मीदवारों का इंटरव्यू शुरू हो चुका है. कुल 5,200 से ज्यादा आवेदनों में से 18 कैंडिडेट को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इनका इंटरव्यू 11, 12, 13 और 14 अगस्त को चलेगा. चयन समिति इन उम्मीदवारों की योग्यता, प्रशासनिक अनुभव और बड़े स्तर पर प्रबंधन संभालने की क्षमता को परखेगी. सभी कैंडिडेट अयोध्या पहुंच चुके हैं. इस पद के लिए देशभर से बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे थे. चयनित कैंडिडेट के नाम का ऐलान 2 सितंबर को किया जाएगा. इंटरव्यू बोर्ड में सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे शामिल हैं.
5,200 आवेदन आए
ट्रस्ट के CEO के लिए करीब 5,200 से ज्यादा आवेदनों की फोन पर इंटरव्यू/स्क्रीनिंग के बाद 18 उम्मीदवारों को अंतिम इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. कुल 4 दिन चलेगा इंटरव्यू का दौर चलेगा. CEO पद के कैंडिडेट का इंटरव्यू 11 और 12 ,13,14 अगस्त को अयोध्या में हो रहा है. चयन समिति इन उम्मीदवारों की योग्यता, प्रशासनिक अनुभव और बड़े स्तर पर प्रबंधन संभालने की क्षमता को परखेगी. रिपोर्टों के मुताबिक इंटरव्यू के बाद चयन समिति कुछ नामों को अंतिम विचार के लिए ट्रस्ट के सामने रखेगी.
CEO की होगी बड़ी जिम्मेदारी
राम मंदिर के CEO का पद सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी वाला पद नहीं होगा. अयोध्या में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में मंदिर की व्यवस्थाओं को पेशेवर तरीके से संचालित करना CEO की बड़ी जिम्मेदारी होगी. श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं, कर्मचारियों का संचालन, अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय, तकनीकी व्यवस्था और भविष्य में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या के मुताबिक प्रबंधन को तैयार करना—ये सभी बड़े काम CEO की जिम्मेदारियों से जुड़े होंगे. इसके अलावा मंदिर और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
2 सितंबर को CEO के नाम का होगा ऐलान
CEO पद के लिए ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा है, जिनके पास बड़े संस्थान या जटिल प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने का अनुभव हो. इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और बड़े स्तर पर संचालन का अनुभव अहम कसौटी हो सकता है. इस इंटरव्यू से सिर्फ 3 नाम ही चयनित किये जायेंगे जिनमें से CEO की घोषणा 2 सितंबर को हो सकती है.
चढ़ावा चोरी के बाद ट्रस्ट का फैसला
गौरतलब है कि राम मंदिर से चढ़ावा की चोरी के आरोप सामने आने के बाद ट्रस्ट ने एक पूर्णकालिक सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया था. ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी 18 उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट द्वारा बताई गई जगहों पर ठहरे. उन्होंने बताया कि साक्षात्कार की यह प्रक्रिया अयोध्या में राम मंदिर के तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के सम्मेलन कक्ष में हो रही है.
सुबह 9 बजे ही पहुंचे कैंडिडेट
मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों ने बताया कि अगर मंगलवार को सभी उम्मीदवारों के साक्षात्कार पूरे नहीं हुए तो यह प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रह सकती है. मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवार सुबह करीब नौ बजे राम मंदिर परिसर पहुंचे और साक्षात्कार की प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हो गई. सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक उम्मीदवार ने अयोध्या हवाई अड्डे पर अपने आने का कार्यक्रम ट्रस्ट को भेजा था जिसके बाद ट्रस्ट द्वारा उन्हें हवाई अड्डे से अलग-अलग गाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया.
मीडिया से बात करने की मनाही
उन्होंने कहा कि इंटरव्यू राम मंदिर में हो रहा है और उम्मीदवारों को मीडिया से बात न करने का निर्देश दिया गया है. इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, उन सभी को नई दिल्ली की उड़ान में सवार होने के लिए वापस अयोध्या हवाई अड्डे ले जाया जाएगा. दिल्ली से वे अपनी-अपनी गंतव्यों के लिए उड़ान भरेंगे. सूत्रों के मुताबिक 18 उम्मीदवारों में पूर्व नौकरशाह और दक्षिण भारत के मंदिरों में वरिष्ठ पदों पर रहे लोग शामिल हैं. उन्होंने बताया कि साक्षात्कार समिति इन 18 आवेदकों में से तीन नाम तय करके मंदिर ट्रस्ट को भेजेगी और ट्रस्ट किसी एक नाम पर अंतिम निर्णय लेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं