विज्ञापन

मुझे गोली लगी तो लगा कि हार्ट अटैक आया है, टाइगर श्राफ पर गोलीबारी में घायल ब्लॉगर ने NDTV को बताई पूरी बात

उमेश चौहान ने एनडीटीवी को बताया कि जब टाइगर श्राफ पर हमला हुआ तो वो उनकी कार के पास ही खड़े थे. उन्होंने बताया कि हमले के बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी है. अस्पताल जाने के बाद उन्हें पता चला कि उनके सीने में गोली लगी है.

मुंबई:

रविवार शाम मुंबई में अभिनेता टाइगर श्राफ पर अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी की थी. इस हमले में श्राफ को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी. इस हमले में उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए. एक सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. श्राफ पर हमला जुहू पुलिस थानाक्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई. इस हमले में घायल हुए राहगीर का नाम उमेश चौहान है. उनका मुंबई के केईएम अस्पताल में इलाज चल रहा है. चौहान एक शौकिया ब्लॉगर के रूप में सेलीब्रेटीज के वीडियो बनाते हैं. केईएम अस्पताल में भर्ती चौहान ने एनडीटीवी को बताया कि उस दिन क्या हुआ था. और जब उन्हें गोली लगी तो कैसा लगा. 

घटना के वक्त कहां थे उमेश चौहान

उमेश चौहान ने केईएम अस्पताल के बेड पर लेटे-लेटे एनडीटीवी को बताया कि उस दिन शाम करीब सात बजे टाइगर श्राफ जी खेल कर जा रहे थे. उन्होंने बताया कि जब उनकी गाड़ी गेट से बाहर निकली, तो वे उनकी गाड़ी के शीशे के पास ही खड़े थे. उन्होंने बताया कि यह वही साइड था, जिस साइड में टाइगर श्राफ बैठे थे. उन्होंने कहा कि वो एकदम उनके पास खड़े होकर वीडियो बना रहे थे.   

उन्होंने बताया कि अचानक एक आवा आई, आवाज को सुनकर लगा कि जैसे कोई टायर फटा हो. उसके बाद मेरे सीने में बहुत तेज दर्द होने लगा.उन्होंने बताया,'' मैं वहाँ चिल्ला-चिल्ला कर सबसे मदद मांगने लगा. मैंने लोगों से कहा कि मेरे सीने में दर्द हो रहा है, कोई पंप कर दो, मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं.'' उमेश ने बताया कि मुझे उस समय तक पता नहीं था कि मुझे गोली लगी है. उन्होंने बताया कि गोली लगने की बात मुझे कूपर अस्पताल पहुंचने के बाद पता चली.उन्होंने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि मुझे हार्ट अटैक आया है.  

उमेश चौहान को पहले कपूर अस्पताल में दाखिल कराया गया था. लेकिन वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें केईएम अस्पताल ले जाया गया.

उमेश चौहान को पहले कपूर अस्पताल में दाखिल कराया गया था. लेकिन वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें केईएम अस्पताल ले जाया गया.
Photo Credit: NDTV

उमेश चौहान ने बताया कि  कूपर अस्पताल में मेरा थोड़ा चेकअप हुआ और फिर वहां से मुझे केईएम रेफर कर दिया गया. टाइगर श्राफ की मां ने उमेश चौहान से अस्पताल में पहुंचकर मुलाकात की. उनसे हुई मुलाकात के सवाल पर उमेश चौहान ने कहा कि उन्होंने कहा है कि हम आपके साथ हैं. उन्होंने यह भी बताया कि टाइगर श्राफ ने उनको शुभकामनाएं भेजी हैं. चौहान ने बताया कि टाइगर श्राफ की मां ने उनसे कहा कि जो भी हो सकेगा, वो थोड़ी-बहुत उनकी मदद करेंगी. 

उमेश चौहान ब्लॉग

उमेश चौहान यूट्यूब पर उमेश चौहान ब्लॉग नाम से अपना चैनल चलाते हैं. उनके करीब नौ हजार सब्सक्राइबर हैं.  अपने चैनल पर वो सेलिब्रेटीज के बारे में और मुंबई के बारे में बताते रहते हैं. उन्होंने अब तक 585 वीडियो अपने चैनल पर पोस्ट किए हैं. उनका पिछला वीडियो आठ दिन पहले अपलोड हुआ था. वहीं फेसबुक पर उनके 84 हजार फॉलोवर हैं. घटना वाले दिन ही उन्होंने फेसबुक पर अमिताभ बच्चन के घर के वीडियो अपलोड किया था.

टाइगर श्राफ पर हमले के तीन आरोपियों को पुलिस ने अभियान चलाकर राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे.राजस्थान पुलिस ने तीनों को सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा था. पकड़े गए लोगों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान के रूप में हुई है. तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है. कोटा पुलिस ने तीनों को मुंबई पुलिस को सौंपा. इसके बाद उन्हें स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. अदालत ने तीनों को मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया.उन्हें कार से मुंबई लाया जा रहा है. 

मुंबई से रूतिक गंकवार का इनपुट

ये भी पढें; Gen Z का ‘अंडरवर्ल्ड' : दोस्ती, Instagram का स्वैग और बंदूक... कैसे गैंग में फंस रहे 18-25 साल के लड़के

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tiger Shroff, Lawrence Bishnoi, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com