विज्ञापन

कुत्ते पर शुरू हुई बहस मर्डर तक पहुंची... तेलंगाना में 23 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या

दो युवक एक जगह पर बैठकर बात कर रहे थे, तभी एक शख्स वहां कुत्ता लेकर पहुंचता है. कुत्ते को लेकर पहले से बैठे युवकों में से एक कुछ सवाल करता है और यहीं से बहस शुरू होती है.

कुत्ते पर शुरू हुई बहस मर्डर तक पहुंची... तेलंगाना में 23 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या
कुत्ते को लेकर हुआ झगड़ा कत्ल तक पहुंच गया. (File Photo)
  • तेलंगाना के खम्मम में पालतू कुत्ते के ऑटो के पास पेशाब करने पर शुरू हुई बहस खूनी झगड़े में बदल गई.
  • घटना 13 अगस्त की रात हुई, जब श्रीनाथ ने आरोपी वेमुला मधु से कुत्ते को लेकर सवाल किया.
  • गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया
खम्मम:

तेलंगाना के खम्मम जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. कुत्ते से शुरू हुई बहस इतनी ज्यादा आगे बढ़ गई कि मर्डर तक पहुंच गई. जानकारी के मुताबिक, एक पालतू कुत्ते ने ऑटो के पास पेशाब कर दिया और इसी बात को लेकर दो लोगों के बीच बहस शुरू हो गई और आपसी झगड़े में तब्दील हो गई. मामला बढ़ता गया और जानलेवा कांड साबित हुआ. इस दौरान 23 साल के एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

मृतक की पहचान रंगनायकूला गुट्टा के रहने वाले उंडेती श्रीनाथ (23) के तौर पर हुई है, जो डेकोरेशन से जुड़े काम करता थे.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 13 अगस्त को रात 10:30 बजे के बाद हुई, जब श्रीनाथ अपने दोस्त वीरेश के साथ एक ऑटो में बैठे थे. उसी वक्त, स्थानीय निवासी वेमुला मधु (28) अपने पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए बाहर निकले. बताया जाता है कि कुत्ते ने उस ऑटो के पास पेशाब किया, जहां श्रीनाथ और उनके दोस्त बैठे थे. इस दौरान कुत्ता उन पर भौंका भी.

खबरों के मुताबिक, श्रीनाथ ने इस घटना को लेकर मधु से सवाल किया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. यह विवाद तब और बढ़ गया, जब श्रीनाथ और वीरेश मधु के घर की ओर गए.

ये भी पढ़ें: लिफ्ट के अंदर काट ले पालतू कुत्ता, तो इलाज की जिम्मेदारी किसकी होगी?

इसके बाद कथित तौर पर मारपीट हुई, जिसमें लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया. इसी बीच, मधु कथित तौर पर अपने घर में गया, सब्जी काटने वाला चाकू लाया और श्रीनाथ पर कई बार हमला कर दिया. चाकू मारने के बाद मधु मौके से फरार हो गया, जबकि श्रीनाथ को गंभीर चोटें आईं और बहुत ज्यादा खून बहने की वजह से वह नाले के पास गिर गया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार वाले और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा करना शुरू किया.

खबरों के मुताबिक, खम्मम थ्री टाउन सर्कल इंस्पेक्टर मोहन बाबू और अन्य अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस घटनाओं के सही क्रम और श्रीनाथ की मौत की वजह बनी परिस्थितियों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: पालतू कुत्ते को बचाते हुए जान गंवाने वाले रिदीप के परिवार से मिले CM हिमंता, NDTV ने की थी ग्राउंड रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Telangana, Pet Dog, Murder, Pet Animal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com