- रेवंत रेड्डी बोले-हम द्रविड़ हैं शिव भक्त हैं, उत्तर के लोग आर्य हैं राम भक्त हैं, BJP ने राम जी को चोरी किया.
- रेवंत रेड्डी ने कहा कि मोदी हर-हर महादेव क्यों नहीं बोलते?
- रेवंत रेड्डी के बयान पर बंदी संजय कुमार ने पलटवार करते हुए कहा- राजनीतिक लकीर खींच रहे.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि कांग्रेस मुख्य रूप से दक्षिणी राज्यों में सफल रही है क्योंकि बीजेपी ने राजनीतिक रूप से भगवान राम जी को चोरी कर लिया है. उत्तर में वे (राम) एक भावना और आस्था का विषय हैं. रेड्डी ने इसकी तुलना साउथ में लॉर्ड शिव के प्रति भक्ति से की और आरोप लगाया कि बीजेपी मुख्य रूप से 'जय श्री राम' का नारा इस्तेमाल करती है. दिल्ली में एक मीडिया संस्था के कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम रेड्डी ने यह बयान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया, “हम द्रविड़ हैं. यहां (उत्तर में) के लोग आर्य हैं. हम शिव के भक्त हैं. वे भगवान राम के भक्त हैं. बीजेपी ने राम जी की चोरी की है. मोदी जी 'हर-हर महादेव' क्यों नहीं बोलते? क्या बीजेपी के लोगों ने कभी मंच से 'हर-हर महादेव' बोला है? वे सिर्फ 'जय श्री राम' बोलते हैं. जब हम 'हर-हर महादेव' बोलते हैं, तो उन्हें यह पसंद नहीं आता.”
इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने रेवंत रेड्डी के बयानों की आलोचना की है. संजय कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रेवंत रेड्डी, जिन्होंने पहले कहा था कि 'मुस्लिम ही कांग्रेस है, कांग्रेस ही मुस्लिम है', अब भगवान राम और भगवान शिव के बीच राजनीतिक लकीरें खींच रहे हैं.
उन्होंने आगे लिखा, "तेलंगाना के CM होने के नाते, जहां वेमुलावाड़ा में दक्षिण काशी और भद्राचलम में दक्षिण अयोध्या है, रेवंत रेड्डी को भगवान राम और भगवान शिव को उत्तर और दक्षिण में बांटने से बचना चाहिए".
संजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं और काशी विश्वनाथ वाराणसी के आध्यात्मिक केंद्र में स्थित है.

ये भी पढ़ें: 'भारत के भविष्य के लिए गांधी परिवार और संघ परिवार के बीच लड़ाई', रेवंत रेड्डी ने बताया दोनों में क्या है अंतर
SIR पर क्या बोले रेवंत रेड्डी?
रेवंत रेड्डी ने कहा कि देश में SIR के खिलाफ वैसा ही आंदोलन होगा, जैसा आजादी की लड़ाई के दौरान 'साइमन, वापस जाओ' आंदोलन हुआ था. उन्होंने कहा कि 'साइमन गो बैक' की तरह ही, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और एम.के. स्टालिन समेत विपक्षी दलों के नेताओं को एकजुट होकर 'SIR, गो बैक' आंदोलन चलाना होगा.
उन्होंने आगे कहा कि SIR का मकसद 'वोट काटना और BJP को फायदा पहुंचाना' है. केंद्र में रक्षा, गृह और वाणिज्य जैसे अहम विभाग 'उत्तर भारत के नेताओं' के पास हैं.
सीएम रेवंत रेड्डी ने अपनी सरकार के एजुकेशन सेक्टर पर फोकस के बारे में भी बात की, जिसमें 'यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी' भी शामिल है.
ये भी पढ़ें: 21 साल की उम्र में बन जाएंगे MP-MLA? समझिए रेवंत रेड्डी की मांग के पीछे का पूरा कानूनी पेच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं