बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि मुंबई पुलिस और एफआरआरओ की ओर से जारी किया गया भारत छोड़ने का नोटिस है. इमरान खान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
मामला 10 अक्टूबर का है, जब इमरान खान मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित एक प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था. हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था. अब हिरासत की घटना के कुछ दिन बाद उनके खिलाफ विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की गई है.
अमेरिकी नागरिक हैं इमरान खान
जानकारी के अनुसार इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं. उनका जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था और उनके पास अमेरिकी नागरिकता तथा अमेरिकी पासपोर्ट है. भारत में रहने और काम करने के लिए वे ओसीआई यानी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड का उपयोग करते हैं.
बताया जा रहा है कि एक विदेशी नागरिक होने के बावजूद राजनीतिक प्रकृति के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद मामला संबंधित एजेंसियों तक पहुंचा था. इसके बाद एफआरआरओ ने नोटिस जारी किया.
इमरान का कहना है कि वे किसी संगठन का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा था कि वह एक नागरिक के रूप में वहां पहुंचे थे और लोगों की आवाज दबाए जाने से जुड़े सवालों को समझना चाहते थे.
अब हाईकोर्ट में होगी कानूनी लड़ाई
नोटिस मिलने के बाद इमरान खान ने उसे बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि मामले में जल्द सुनवाई हो सकती है. अभिनेता की ओर से कानूनी टीम तैयारी में जुटी हुई है.
इमरान खान लंबे समय तक बॉलीवुड का चर्चित चेहरा रहे हैं. उन्होंने बाल कलाकार के रूप में 'कयामत से कयामत तक' और 'जो जीता वही सिकंदर' में काम किया था. साल 2008 में 'जाने तू... या जाने ना' से बतौर लीड अभिनेता चर्चा में आए. इसके बाद उन्होंने 'आई हेट लव स्टोरीज़', 'दिल्ली बेली', 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' और 'एक मैं और एक तू' जैसी फिल्मों में अभिनय किया. अब उनकी कानूनी लड़ाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- सैयद सोहेल शो: योगी-अखिलेश को ओवैसी का चुनावी चैलेंज, बोले- गढ़ छोड़कर मैदान में आइए, AIMIM हरा देगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं