विज्ञापन

प्रणब मुखर्जी की सलाह थी, मोदी के साथ जाओ और मैं भाजपा में आ गया; शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रणब मुखर्जी जानते थे कि टीएमसी में कैसे काम होता है. वास्तव में यह पार्टी बुआ और भतीजा के इशारों पर ही चलती है.

प्रणब मुखर्जी की सलाह थी, मोदी के साथ जाओ और मैं भाजपा में आ गया; शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा
  • अधिकारी ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें टीएमसी छोड़ भाजपा में शामिल होने की सलाह दी थी
  • प्रणब मुखर्जी ने अधिकारी से कहा था कि अगर खुद को आगे बढ़ाना है तो प्रधानमंत्री मोदी के साथ जुड़ना चाहिए
  • शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी को बुआ-भतीजा की पार्टी बताया और इसे एक कंपनी की तरह संचालित करार दिया
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी का कहना है कि उन्हें टीएमसी छोड़कर भाजपा में जाने की सलाह पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दी थी. प्रणब मुखर्जी वित्त मंत्री समेत कई भूमिकाओं में रहे थे और फिर यूपीए सरकार के दौर में ही वह राष्ट्रपति बने थे. आखिरी दौर में उनकी भाजपा और आरएसएस के साथ नजदीकियां देखी गई थीं. यहां तक कि वह आरएसएस के नागपुर स्थित मुख्यालय भी गए थे और संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी थी. शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रपति भवन में प्रणब मुखर्जी से अपनी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे सलाह दी थी कि मैं अब टीएमसी छोड़कर पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा का हिस्सा बन जाऊं.

प्रणब मुखर्जी के निधन के कुछ महीनों बाद शुभेंदु अधिकारी 2020 में भाजपा में आ गए थे. अधिकारी ने कहा कि मुझे मुखर्जी ने सलाह दी थी कि मैं पीएम मोदी से जुड़ जाऊं. उन्होंने यह बात इकनॉमिक टाइम्स समिट में कही. उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति मेरे वास्तविक सलाहकार थे और उन्होंने राष्ट्रपति बनने के बाद भी मुझे सलाह दी थी. उन्होंने कहा कि मेरे असली सलाहकार प्रणब मुखर्जी थे. मैं उनके राष्ट्रपति बनने के बाद भी रायसीना हिल गया था. प्रणब मुखर्जी की सलाह याद करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'प्रणब जी ने मुझे कहा कि सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं. एक कर्मचारी बनकर रहना तो यहां रहिए. यदि अपने दम पर आगे बढ़ने का इरादा है तो फिर मोदी जी के साथ जाएं.'

उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी जानते थे कि टीएमसी में कैसे काम होता है. वास्तव में यह पार्टी बुआ और भतीजा के इशारों पर ही चलती है. उन्होंने अभिषेक पर भी तंज कसा. कभी ममता बनर्जी के करीबी रहे शुभेदु अधिकारी ने कहा, 'सिंगल मैन पार्टी सुनते थे. सिंगल वुमेन पार्टी सुनी, पर टीएमसी तो बुआ-भतीजा पार्टी है. यह पूरी तरह एक कंपनी की तरह काम करती है. इसमें एक मैनेजिंग चेयरमैन है और एक मैनेजिंग डायरेक्टर है.' टीएमसी छोड़ने के अपने फैसले को उन्होंने सही करार दिया. अधिकारी ने कहा कि मैं कभी वहां था, लेकिन मैं एक कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहता था. इसलिए छोड़ दिया. 

अधिकारी ने कहा कि आज भी मेरे मन में प्रणब मुखर्जी के लिए सम्मान है और हमेशा बना रहेगा. उन्होंने कहा कि वह मेरे लिए गार्जियन जैसे थे. सलाहकार थे और राजनीति से परे हमेशा मदद करते थे. उनसे पूछा गया कि आखिर प्रणब मुखर्जी ने कब उन्हें सलाह दी थी. इस पर शुभेंदु अधिकारी ने कुछ बताने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि मैं दिवंगत नेता के नाम पर कोई विवाद नहीं पैदा करना चाहता. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pranab Mujherjee, Pranab Mukherjee News, Suvendu Adhikari, Suvendu Adhikari News, Suvendu Adhikari News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com