विज्ञापन

शुभेंदु अधिकारी पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

तृणमूल ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम और भबानीपुर विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे और बीजेपी के 'स्टार प्रचारक' शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव के आचार संहिता के उल्लंघन किया है.

शुभेंदु अधिकारी पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
शुभेंदु अधिकारी
PTI
  • शिकायत के अनुसार, बैठक के लिए दोपहर डेढ़ बजे तक की अनुमति दी गई थी.
  • लेकिन उनका हेलीकॉप्टर कथित तौर पर 3.10 बजे कार्यक्रम स्थल पर उतरा और सभा लगभग शाम पांच बजे तक जारी रही
  • इस संबंध में टिप्पणी के लिए शुभेंदु अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका.

तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया और इस सिलसिले में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई.

चुनाव प्राधिकारियों को लिखे पत्र में तृणमूल ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम और भबानीपुर विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे और बीजेपी के 'स्टार प्रचारक' शुभेंदु अधिकारी ने 20 अप्रैल को दक्षिण 24 परगना के सोनाखाली हाई स्कूल मैदान में पार्टी उम्मीदवार तपन दत्ता के समर्थन में समय सीमा का उल्लंघन करते हुए एक जनसभा आयोजित की.

शिकायत के अनुसार, बैठक के लिए दोपहर डेढ़ बजे तक की अनुमति दी गई थी, लेकिन शुभेंदु का हेलीकॉप्टर कथित तौर पर करीब तीन बजकर 10 मिनट पर कार्यक्रम स्थल पर उतरा और सभा लगभग शाम पांच बजे तक जारी रही.

पत्र में कहा गया, “बैठक के लिए निर्धारित समय का गंभीर उल्लंघन करते हुए शुभेंदु अधिकारी, तपन दत्ता और अन्य बीजेपी नेताओं ने आचार संहिता और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन किया.”

तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों ने आसपास की सड़कों को बंद कर दिया जिससे राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के पूर्व-स्वीकृत कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न हुई.

शिकायत में कहा गया कि ऐसी कार्रवाई 'सार्वजनिक स्थलों पर एकाधिकार' के समान है, जो आचार संहिता के तहत प्रतिबंधित है.

पार्टी ने चुनाव के दौरान बलों की तैनाती संबंधी निर्वाचन आयोग की 2023 की नियम पुस्तिका और पुलिस पर्यक्षकों की हैंडबुक के प्रावधानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पुलिस और केंद्रीय बलों का आचरण 'पक्षपातपूर्ण' था और चुनावों के दौरान अपेक्षित निष्पक्षता के सिद्धांत का उल्लंघन करता है.

पत्र में कहा गया, “प्रशासन और केंद्रीय बलों का ऐसा पक्षपातपूर्ण रवैया उनकी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.”

तृणमूल ने निर्वाचन आयोग से संबंधित बीजेपी नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है.

इस संबंध में टिप्पणी के लिए शुभेंदु अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suvendu Adhikari, Suvendu Adhikari Accused Of Violating Model Code Of Conduct, West Bengal Election, Westbengalassemblyelection2026, Election2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com