विज्ञापन

'ममता के खिलाफ तो कुछ बोलने वाली नहीं, ये तो तय रहा...', पार्टी छोड़ने के बाद सुष्मिता देव

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद जहां सुष्मिता देव की बीजेपी में जाने की अटकलें गर्म हैं, वहीं ममता दीदी को लेकर उन्होंने एक ऐसा बयान दिया है जो हर तरफ चर्चा में है.

'ममता के खिलाफ तो कुछ बोलने वाली नहीं, ये तो तय रहा...', पार्टी छोड़ने के बाद सुष्मिता देव
TMC छोड़ने के बाद सुष्मिता देव का पहला बयान सामने आया है.
PTI

Kolkata News: तृणमूल कांग्रेस (TMC) और राज्यसभा सदस्यता से अचानक इस्तीफा देकर देश की राजनीति में हलचल मचाने वाली सुष्मिता देव (Sushmita Dev) ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है. बुधवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा, 'मैं ममता दीदी पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी, यह पूरी तरह से तय है. हां, मैंने TMC छोड़ी है. ये फैसला मैंने क्यों लिया ये लंबी कहानी है. आगे की मेरी जो भी फ्यूचर प्लानिंग होगी, वह मैं आपको विस्तार से जरूर बताऊंगी. राजनीति में हर बात को साझा करना ठीक नहीं होता. मेरी परवरिश ऐसी नहीं हुई है कि मैं एक पार्टी में रहकर दूसरी पार्टी की सेवा करती रहूं.'

असम के CM से मुलाकात के बाद बयान

बताते चलें कि इस्तीफा देने के बाद सुष्मिता देव ने दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी, जिसके बाद से ही उनके पाला बदलने की चर्चा तेज है. अपने राजनीतिक भविष्य पर नया अपडेट देते हुए सुष्मिता ने कहा, 'मैं ये सिर्फ उम्मीद कर सकती हूं कि मुझे राजनीति करने का और जन प्रतिनिधि होने का मौका भविष्य में मिलेगा.'

अंदरूनी तूफान से जूझ रही है TMC

सुष्मिता देव का यह नया बयान ऐसे समय पर आया है जब टीएमसी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद एक बड़े आंतरिक विद्रोह और तूफान का सामना कर रही है. सुष्मिता देव इस हफ्ते इस्तीफा देने वाली पार्टी की दूसरी बड़ी सांसद हैं. इससे पहले 8 जून को ही वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय ने भी राज्यसभा और पार्टी छोड़ दी थी. रॉय ने खुलेआम कहा था कि बंगाल की जनता ने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था में गिरावट और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण टीएमसी को पूरी तरह नकार दिया है. सुखेंदु के इस तीखे हमले के बाद सुष्मिता का यह बयान राजनीतिक रूप से बेहद मायने रखता है.

सुष्मिता देव के बारे में जानिए...

दिवंगत केंद्रीय मंत्री संतोष मोहन देव की बेटी सुष्मिता देव का राजनीतिक सफर असम में कांग्रेस के साथ शुरू हुआ था, जहां वह 2014 से 2019 तक सिलचर से लोकसभा सांसद रहीं. 2019 में भाजपा के राजदीप रॉय से हारने के बाद वह अगस्त 2021 में टीएमसी में शामिल हो गईं, जहां ममता बनर्जी ने उन्हें पूर्वोत्तर में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी देकर दो बार राज्यसभा भेजा था. अप्रैल 2024 में ही उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ था, लेकिन 6 साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने निजी और राजनीतिक कारणों से इस्तीफा दे दिया. अब उनके इस नए बयान के बाद हर किसी की नजरें उनकी अगली 'फ्यूचर प्लानिंग' पर टिकी हुई हैं.

ये भी पढ़ें:- बिहार में मानसून कब आएगा 2026? IMD ने बता दी तारीख, जानें इस बार बारिश ज्यादा होगी या कम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sushmita Dev, Mamata Banerjee, TMC, BJP, West Bengal News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com