विज्ञापन

चुनाव में सबकुछ हार गए, अब पब्लिसिटी के लिए यहां आए हैं... PK की जन सुराज को SC की कड़ी फटकार

CJI सूर्य कांत ने जन सुराज पार्टी को खरी- खरी सुनाई और कहा कि जनता ने आपको खारिज कर दिया है. इसलिए आप लोकप्रियता हासिल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जैसे न्यायिक मंचों का सहारा ले रहे हैं.

चुनाव में सबकुछ हार गए, अब पब्लिसिटी के लिए यहां आए हैं... PK की जन सुराज को SC की कड़ी फटकार
  • प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
  • CJI सूर्य कांत ने पार्टी को राजनीतिक लाभ के लिए न्यायिक मंच का दुरुपयोग करने पर फटकार लगाई.
  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जनता ने पार्टी को खारिज कर दिया है, इसलिए वह अदालत का सहारा ले रही है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को चुनौती देने पहुंची प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को कड़ी फटकार सुननी पड़ी. मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ता से तीखे सवाल पूछे और कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सुप्रीम कोर्ट को मंच नहीं बनाया जा सकता है.

CJI की सख्त टिप्पणियां

सुनवाई के दौरान CJI सूर्य कांत ने जन सुराज पार्टी को खरी- खरी सुनाई और कहा कि जनता ने आपको खारिज कर दिया है. इसलिए आप लोकप्रियता हासिल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जैसे न्यायिक मंचों का सहारा ले रहे हैं. साथ ही कहा कि जब पार्टी चुनाव में अपना सब कुछ हार गई तब वो यहां आ गई. आपको सद्भावना के बारे में भी बताना होगा.

उन्‍होंने कहा कि फ्रीबीज (मुफ्त योजनाओं) के मुद्दे की हम जांच कर रहे हैं, लेकिन यहां ऐसा मामला है जहां एक राजनीतिक पार्टी, जो चुनाव में सब कुछ हार गई, हमारे सामने आ गई है. हम राजनीतिक दलों के कहने पर फ्रीबीज के मुद्दे की जांच नहीं करना चाहते हैं. 

किस धारा के तहत चुनाव रद्द की मांग?

इसके साथ ही जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सवाल किया कि इलेक्शन पीटिशन के नियमों की किस धारा के तहत पूरे चुनाव को रद्द करने की मांग की जा सकती है. इस पर वरिष्ठ वकील सीयू सिंह ने कहा कि वह इस विशेष प्रार्थना पर जोर नहीं देंगे, लेकिन याचिका में अन्य राहतें भी मांगी गई हैं. 

उन्होंने तर्क दिया कि मामला भ्रष्ट आचरण से जुड़ा है, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा समान अवसर (लेवल प्लेइंग फील्ड) को प्रभावित करता है. 

सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी जन सुराज 

बिहार विधानसभा चुनाव को चुनौती देने के लिए जन सुराज पार्टी सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी. पार्टी ने कथित अवैध प्रथाओं के आधार पर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग  की गई थी. साथ ही पार्टी ने आचार संहिता लागू रहने के दौरान राज्य में महिलाओं को सीधे 10,000 रुपये देने को भ्रष्ट आचरण बताया है. 

प्रशांत किशोर द्वारा स्थापित जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की है. कथित अवैध प्रथाओं के आधार पर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com