PPC 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेहद लोकप्रिय ‘परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम का 9वां संस्करण आज होने जा रहा है. इस कार्यक्रम की स्क्रीनिंग संसद के बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी, जहां करीब 250 छात्र मौजूद रहेंगे. इस दौरान कई सांसद भी वहां रहेंगे. सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद करते नजर आएंगे. इस कार्यक्रम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक करीब 4.5 करोड़ लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. इनमें 4.19 करोड़ छात्र, लगभग 25 लाख शिक्षक और 6 लाख से ज्यादा अभिभावक शामिल हैं. हर साल तालकटोरा स्टेडियम में होने वाला यह कार्यक्रम इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में किया जा रहा है. पीएम मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों के छात्रों से पहले ही मुलाकात कर चुके हैं तो कुछ छात्रों को तो प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मिलने का मौका भी मिला है.
PM Modi Pariksha pe Charcha 9th Edition Live Updates:
21 करोड़ लोगों ने टीवी पर देखा था आठवां संस्करण, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का मिला सम्मान
पीएम मोदी की पहल "परीक्षा पे चर्चा" को "एक महीने में नागरिक सहभागिता मंच पर सबसे अधिक लोगों के पंजीकरण" के लिए पिछले साल अगस्त में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया था. यह सम्मान MyGov प्लेटफार्म पर आयोजित "परीक्षा पे चर्चा" कार्यक्रम के 8वें संस्करण के दौरान हुए 3.53 करोड़ पंजीकरणों की वजह से दिया गया था. इसमें 153 देशों के शिक्षकों और 149 देशों के अभिभावकों की भागीदारी के साथ एक उल्लेखनीय गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. आठवें संस्करण में सभी मीडिया प्लेटफार्मों पर कुल 21 करोड़ से ज्यादा दर्शकों ने टीवी पर देखा था.
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम देश के प्रतिभाशाली छात्रों से संवाद करने का अवसर देता है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी एक एक्स पोस्ट में इस कार्यक्रम को लेकर कहा कि 10 बजे परीक्षा पे चर्चा जरूर देखें. इस वर्ष के पीपीसी में परीक्षा से जुड़े बहुत ही रोचक विषय शामिल हैं, खासकर तनावमुक्त रहने की आवश्यकता, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना और बहुत कुछ. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कार्यक्रम है, जो मुझे हमेशा पसंद रहा है, क्योंकि यह मुझे पूरे देश के प्रतिभाशाली छात्रों से संवाद करने का अवसर देता है.
Do watch #ParikshaPeCharcha26 tomorrow, 6th February at 10 AM. This year’s PPC features very interesting topics relating to examinations, notably the need to remain stress free, focus on learning and more. This is a platform I’ve always enjoyed, as it gives me an opportunity to…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 5, 2026
छात्रों का हौसला बढ़ाती हैं पीएम मोदी की बातें
‘परीक्षा पे चर्चा’ सरकार के एग्जाम वॉरियर्स मिशन का हिस्सा है, जिसका मकसद छात्रों को परीक्षा के तनाव और डर से बाहर निकालना है. सीबीएसई और राज्य बोर्ड की परीक्षाएं पास हैं, साथ ही JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं भी आने वाली हैं. ऐसे समय में पीएम मोदी की बातें छात्रों का हौसला बढ़ाने का काम करती हैं. इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से ऊपर के छात्र, शिक्षक और अभिभावक हिस्सा लेते हैं. विजेताओं को सर्टिफिकेट और आगे के कार्यक्रमों में शामिल होने का मौका भी मिलता है.
4.50 करोड़ छात्र, शिक्षक और अभिभावकों ने कराया रजिस्ट्रेशन
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, 4 करोड़ 50 लाख 13,379 लोगों ने परीक्षा पे चर्चा का हिस्सा बनने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है. इनमें छात्र, शिक्षक व अभिभावक शामिल हैं. इस संवाद को लेकर सीबीएसई ने सभी विद्यालयों से अपील की है कि वे कक्षा 6 एवं उससे ऊपर के सभी छात्रों के लिए कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें. साथ ही कार्यक्रम को लाइव देखने की समुचित व्यवस्था करें, ताकि परीक्षा पे चर्चा 2026 को एक बड़ी सफलता बनाया जा सके.
इन स्थानों पर आयोजित किए संवाद सत्र
इस वर्ष परीक्षार्थियों के साथ संवाद सत्र गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली में सात, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित किए गए. पीएम मोदी ने हाल ही में ‘एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा था, ‘‘हमेशा की तरह, अपने युवा दोस्तों के साथ बातचीत करना और तनाव मुक्त परीक्षाओं एवं कई अन्य चीजों पर चर्चा करना ताजगी भरा होता है.''
यहां देख सकते हैं परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम DD National, DD News और DD India पर लाइव दिखाया जाएगा. साथ ही इसे यूट्यूब (Education Ministry), फेसबुक लाइव और MyGov पोर्टल पर भी देखा जा सकेगा. ये कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा.