विज्ञापन

क्या ये टैक्स है? कौन कमाएगा? UPI के MDR पर सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल, स्टे से इनकार

UPI पेमेंट पर चार्ज लेने से जुड़ी याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट केन्द्र सरकार, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और UPI कमेटी को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि ये बताएं कि ये फीस है या टैक्स है या कुछ और है.

क्या ये टैक्स है? कौन कमाएगा? UPI के MDR पर सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल, स्टे से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने UPI पेमेंट पर चार्ज के फैसले को लेकर कही ये बात

दो हज़ार रुपये से अधिक के कमर्शियल यूपीआई पेमेंट पर  लगाए गए चार्ज के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ दाखिल याचिका पर  सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र के फैसले पर रोक लगाने से इनकार किया, लेकिन नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. जवाब के लिए चार हफ्ते का समय दिया गया है.  केन्द्र सरकार, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और UPI कमेटी को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र सरकार से पूछा है कि ये बताएं कि ये फीस है या टैक्स है या कुछ और है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस बाबत नोटिस जारी किया है. वकील अंजन दत्ता की ओर से दायर याचिका में इस संबंध में 14 दिसंबर की जारी अधिसूचना और 15 सितंबर को जारी किए गए  MDR फ्रेमवर्क को  रद्द करने की मांग की गई है. याचिका में कहा गया है कि सरकार ने बिना पर्याप्त क़ानूनी आधार के यह फैसला लिया है.

इसका इस्तेमाल करने वाले 96 प्रतिशत लोग इससे छूट के दायरे में - केंद्र

केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एन. वेंकटरमण ने पीठ को बताया कि इसका इस्तेमाल करने वाले 96 प्रतिशत लोग इससे छूट के दायरे में हैं. पीठ ने कहा कि ये मामला कानूनी कम और तकनीकी अधिक है. सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी करने और चार हफ्ते के भीतर जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिए जाने के बाद याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने पीठ से अनुरोध किया कि तब तक इस पर रोक लगा दीजिए, लेकिन पीठ किसी तरह की अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया. बता दें कि इस मामले को लेकर अधिवक्ता अंजन दत्ता ने PIL दायर की है.

क्‍या है UPI-MDR का नियम?

15 अक्टूबर से लागू हो रहे नए नियमों के अनुसार, 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर 0.4% का मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगेगा. इसकी अधिकतम सीमा 75,000 रुपये या उससे अधिक के लेनदेन पर 300 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन तय की गई है. हालांकि, आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि P2P (व्यक्ति से व्यक्ति) ट्रांजैक्शन पूरी तरह मुफ्त रहेंगे और इस फीस का बोझ आम लोगों पर नहीं पड़ेगा. सरकार के मुताबिक, इससे करीब 96% मर्चेंट ट्रांजैक्शन प्रभावित नहीं होंगे.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Supreme Court, UPI Payment, UPI MDR, Modi Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com