विज्ञापन

'निर्भया कांड जैसी दर्दनाक समानताएं'.. दिल्ली- NCR में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

दिल्ली में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताते हुए इसपर स्वत: संज्ञान लिया. कोर्ट ने कहा कि इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

'निर्भया कांड जैसी दर्दनाक समानताएं'.. दिल्ली- NCR में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
दिल्ली में रेप केस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
  • दिल्ली-एनसीआर में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
  • कोर्ट ने कहा कि इन घटनाओं से 2012 के निर्भया कांड की दर्दनाक समानताएं सामने आती हैं
  • आस्था कुंज में गैंगरेप और एक चलती बस में रेप की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे
नई दिल्ली:

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के आस्था कुंज में गैंगरेप की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए सख्त टिप्पणी की है. कोर्ट ने कहा कि इन घटनाओं से 2012 के निर्भया कांड की दर्दनाक समानताएं सामने आती हैं. जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कहा कि ये घटनाएं कानून-व्यवस्था लागू करने वाली एजेंसियों की विफलता को स्पष्ट रूप से उजागर करती हैं. गौरतलब है कि दिल्ली के आस्था कुंज में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए थे. 

सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी 

कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर की रेप की घटनाओं पर कहा कि सार्वजनिक स्थानों, जिनमें पार्क और बसें शामिल हैं वहां रोशनी की अपर्याप्त व्यवस्था, कमजोर निगरानी और अन्य प्रशासनिक सुविधाओं की कमी के कारण उच्च जोखिम वाले क्षेत्र बनने की अनुमति नहीं दी जा सकती है. कोर्ट ने कहा कि केवल एकजुटता व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है. 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये जरूरी है कि इस मामले में आवश्यक जवाबदेही तय की जाए. कोर्ट ने इस मुद्दे पर स्वत: संज्ञान का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया. गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामला सामने आया था. इसमें मामले में गिरफ्तार आसिफ, हेमंत और मुकेश को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

दिल्ली-NCR में चलती बस में रेप 

गौरतलब है कि अगस्त में भी दिल्ली-एनसीआर में चलती बस में एक नाबालिग से रेप की घटना हुई थी. करीब 47 किलोमीटर तक चलती बस के दौरान लड़की से रेप किया गया. इस दौरान न तो पुलिस की नजर पड़ी न ही बस को किसी नाके पर रोका गया. पुलिस ने बताया था कि ये घटना 4 अगस्त को ग्रेटर नोएडा में परी चौक के पास हुई थी. पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि दो आरोपियों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. बाद में उन्होंने लड़की को दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया. आरोपियों की पहचान ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के तौर पर हुई थी. पुलिस ने दोनों को तिमारपुर के एक पार्किंग एरिया से गिरफ्तार कर लिया था. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Gange Rape Case, Supreme Court, Astha Kunj Park Rape Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com