- रायबरेली में शिव महापुराण कथा का आयोजन मनोज पांडेय द्वारा कराया जा रहा है और इस पर राजनीतिक चर्चा तीव्र है
- कथा में सीएम योगी आदित्यनाथ, आनंदी बेन पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और अधिकारी शामिल हो रहे हैं
- मनोज पांडेय भाजपा के ब्राह्मण चेहरे के रूप में उभर रहे हैं और कांग्रेस के गढ़ में सेंध की कोशिश में लगे हैं.
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में चल रही शिवकथा भले ही आध्यात्मिक आयोजन है, लेकिन इसके राजनीतिक प्रयोजनों पर भी खूब चर्चाएं चल रही हैं. यूपी में राम कथा और शिव कथा कराना कोई नई परंपरा नहीं है, लेकिन आजकल एक कथा को लेकर खूब चर्चा हो रही है. ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा का आयोजन यूं तो धार्मिक आयोजन है, लेकिन इसे कई तरह से देखा जा रहा है. यूपी विधानसभा चुनावों से पहले कोई इसे शक्ति प्रदर्शन कह रहा तो कोई ब्राह्मण राजनीति. कोई इसको कांग्रेस के गढ़ में सेंधमारी करार दे रहा तो कोई सनातन को साधने का प्रयास बता रहा है. मतलब एक कथा को लेकर अनेक तरह की कथाएं चल रही हैं. अब तक इस कथा में सीएम योगी आदित्यनाथ, गवर्नर आनंदी बेन पटेल समेत तमाम नेता, मंत्री, मेयर विधायक और जज तक पहुंच चुके हैं.
शिव महापुराण कथा का आयोजन यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय करा रहे हैं. जाने-माने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण कथा का वाचन कर रहे हैं. रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में आयोजित इस कथा में भारी भीड़ भी देखने को मिल रही है और वीवीआईपी भी कथा का हिस्सा बन रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मंत्री से लेकर विधायक और अधिकारी से लेकर जज तक कथा में शिरकत कर रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसदीय सीट रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित इस कथा को लेकर कई कथाएं चर्चा में हैं. समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले मनोज पांडेय अब भाजपा में हैं.
योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री मनोज पांडेय भाजपा के ब्राह्मण चेहरे बन रहे हैं. ऐसे में एक तरफ राहुल गांधी की सीट और ब्राह्मण राजनीति को लेकर चल रहे उथल-पुथल के बीच शिव महापुराण कथा को लेकर राजनीति भी तेज हो चली है. कहा जा रहा है कि राहुल गांधी के गढ़ में बीजेपी सेंधमारी की कोशिश में है. मंत्री मनोज पांडेय को लेकर दावा है कि वह एक तरफ ऊंचाहार सीट पर अपने टिकट की दावेदारी के लिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं तो दूसरी तरफ़ रायबरेली में सनातन का प्रसार करके कांग्रेस के वोटों के सेंधमारी के प्रयास में लगे हैं. ब्राह्मण राजनीति का झंडा उठाये दिख रहे मनोज पांडेय इस कथा के ज़रिए ब्राह्मणों को ये दिखाने की जुगत में भी हैं कि कैसे भाजपा के तमाम बड़े चेहरे उनकी कथा का हिस्सा बन रहे हैं.
क्या नाराज ब्राह्मणों को साधने की हो रही कोशिश?
इससे नाराज बताए जा रहे ब्राह्मणों को एक संदेश और संकेत दिखाने की भी कोशिश की जा रही है. रायबरेली में चल रही इस शिव महापुराण कथा को मंत्री मनोज पांडेय सनातन का मिनी कुंभ करार दे रहे हैं. सनातन पर अनर्गल टिप्पणी करने वालों को न्यौता देते हुए मनोज पांडेय ने कहा कि सनातन क्या होता है. ये देखने के लिए ऐसे लोग ऊंचाहार आएं तो वो समझ पाएंगे। वहीं कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के लोग राम मंदिर में हुई लूट के मामले में जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के लोग कुछ भी करें लेकिन चढ़ावा चोरी का धब्बा मिटने वाला नहीं है.

सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते मनोज पांडेय
मनोज पांडेय पर सपा फिर बुरी तरह बरसी, बोली- इस्तीफा क्यों नहीं दिया
समाजवादी पार्टी ने मंत्री मनोज पांडेय पर करारा हमला किया. सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि सपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाले मनोज पांडेय ने बिना पद से इस्तीफा दिए जाकर भाजपा की सदस्यता ले ली और मंत्री बन गए। उन्होंने कहा कि अगर मनोज पांडेय में नैतिकता होती तो सपा से हटने के बाद वह विधायक पद से इस्तीफा देते और जनता के बीच चुनाव लड़ने तो उन्हें समझ में आता. रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में ऊंचाहार से मनोज पांडेय बुरी तरह हारने वाले हैं.

गवर्नर आनंदीबेन पटेल का स्वागत करते मनोज पांडेय
अखिलेश दिखाना चाहेंगे- ऊंचाहार मनोज पांडेय नहीं बल्कि सपा की सीट
दावे चाहे जो भी हों, लेकिन सपा से भाजपा में आकर मंत्री बनने वाले मनोज पांडेय भाजपा का ब्राह्मण चेहरा ज़रूर बन रहे हैं. कथा के ज़रिए वो रायबरेली में सनातन का झंडा भी ऊंचा कर रहे हैं और राहुल गांधी के वोटों में सेंधमारी की कोशिश में भी जुटे हैं. लेकिन ये भी सच है कि सपा इस बार ऊंचाहार सीट पर पूरी ताक़त लगाएगी. सपा ऊंचाहार से ये दिखाने की कोशिश करेगी कि ऊंचाहार मनोज पांडेय की नहीं बल्कि सपा की सीट है. इस बीच शिव महापुराण कथा के आयोजन को लेकर यूपी की राजनीति गर्म होती हुई दिखाई दे रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं