विज्ञापन

फुटबॉल खेलते समय गिरे शिलांग के सांसद रिकी एजे सिंकॉन, अस्पताल में निधन; राजनीतिक गलियारों में शोक

Shillong MP Ricky AJ Syngkon Passes Away: मैच के दौरान गिरे सांसद, बिगड़ी तबीयत, अस्‍पताल ले जाया गया, लेकिन नहीं बच सकी जान. पूरी खबर पढ़ें.

फुटबॉल खेलते समय गिरे शिलांग के सांसद रिकी एजे सिंकॉन, अस्पताल में निधन; राजनीतिक गलियारों में शोक

मेघालय की राजधानी शिलांग से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के सांसद रिकी एजे सिंकॉन का गुरुवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया. जानकारी के मुताबिक वे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे, तभी मैदान में अचानक गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी.

मैच के दौरान अचानक गिरे सांसद

रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉ. रिकी एजे सिंकॉन गुरुवार शाम शिलांग के पास मावलाई मावियोंग इलाके के एक मैदान में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे. खेल के दौरान ही वे अचानक मैदान में गिर पड़े, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. दोस्तों ने बिना देर किए उन्हें मावियोंग कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें तुरंत दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

इसके बाद सांसद को जयाव स्थित डॉ. एच गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल ले जाया गया. सूत्रों के मुताबिक शाम करीब 8:42 बजे अस्पताल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद उनका निधन हो गया. इस खबर के फैलते ही मेघालय की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई.

राजनीतिक नेताओं ने जताया शोक

घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग, वीपीपी अध्यक्ष अर्डेंट मिलर बसैयावमॉइट समेत कई विधायक और राजनीतिक नेता अस्पताल पहुंचे. सभी नेताओं ने सिंकॉन के निधन को राज्य की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया.

2024 में दर्ज की थी बड़ी जीत

डॉ. रिकी एजे सिंकॉन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन बार के सांसद विन्सेंट एच. पाला को करीब 3.7 लाख वोटों के बड़े अंतर से हराकर शिलांग सीट जीती थी. उनकी जीत को मेघालय की राजनीति में बड़ा बदलाव माना गया था.

फिलहाल उनके निधन की खबर से समर्थकों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है. राजनीतिक हलकों में उन्हें एक उभरते और सक्रिय नेता के तौर पर याद किया जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MP Death, Meghalaya News, Meghalaya News In Hindi, Meghalaya News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com