LPG Crisis India LIVE: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच देश के कई हिस्सों में एलपीजी (LPG) की किल्लत के दावे सामने आ रहे हैं. एक ओर जहां आम जनता गैस सिलेंडरों के लिए लंबी कतारों में खड़ी है, वहीं सरकार और प्रशासन का कहना है कि ऐसी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए. कई शहरों में आपूर्ति बाधित होने के कारण होटलों के अस्थाई तौर पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है. उनके अनुसार, आगामी पर्यटन सीजन से ठीक पहले कमर्शियल एलपीजी की कमी होटल और रेस्टोरेंट संचालन को प्रभावित कर सकती है. पर्यटकों के साथ-साथ कर्मचारियों के भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह कमर्शियल गैस पर निर्भर है.
Here are the LIVE Updates of India's LPG Crisis, Commercial Gas Shortage
यूपी से महाराष्ट्र तक घरेलू सिलेंडर के लिए जद्दोजहद
यूपी, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जहां लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए घंटों लाइनों में लगे हैं. इस दौरान गैस एजेंसियों और गोदाम मालिकों के साथ उपभोक्ताओं की बहस भी देखने को मिल रही है. लोगों को इस बात की आशंका है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण भविष्य में आपूर्ति पूरी तरह ठप हो सकती है.
दरअसल, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के रास्ते होने वाली तेल और गैस की आपूर्ति पर संकट के कयास लगाए जा रहे हैं. वहीं, तमाम आशंकाओं के बीच केंद्र और राज्य सरकारों ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. दिल्ली सरकार ने अपने बयान में कहा, "राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और घबराने की आवश्यकता नहीं है. जनता से अपील की गई है कि वे अनावश्यक भंडारण न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
ये भी पढ़ें: LPG Price Today: गैस संकट के बीच दिल्ली से लेकर मुंबई तक आज क्या हैं LPG सिलेंडर के दाम? फटाफट करें चेक
New Delhi LPG Crisis LIVE: क्या पराठे वाली गली भी हो जाएगी बंद, गैस किल्लत पर क्या बोले दुकान मालिक
चांदनी चौक के मशहूर पराठे वाली गली में एनडीटीवी इंडिया की टीम इस बात की पड़ताल करने पहुंची. 150 साल से पुरानी दुकानों का कामकाज सिलिंडर पर निर्भर है. दुकानदारों का कहना है कि अफवाह है बस. ऐसी कोई दिक्कत नहीं है. हमारा काम सिलिंडर पर ही निर्भर है, जो हमें मिल जा रही हैं.
Moradabad LPG Crisis LIVE: मुरादाबाद में एलपीजी गैस की कमी, कलेक्टर अनुज सिंह क्या बोले?
मुरादाबाद में पिछले कुछ दिनों से घरेलू रसोई गैस की कमी को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही थीं. इन अफवाहों पर अब जिला प्रशासन ने साफ तौर पर विराम लगा दिया है. जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा है कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य तरीके से चल रही है. डीएम ने बताया कि गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गई. बैठक में यह साफ किया गया कि सभी एजेंसियों के पास उपभोक्ताओं की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त गैस सिलेंडर मौजूद हैं और सप्लाई लगातार जारी है.
प्रशासन ने कालाबाजारी और अनियमितता रोकने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमें भी बनाई हैं, जो गैस एजेंसियों और गोदामों की निगरानी कर रही हैं. साथ ही आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि सिलेंडर तय समय के भीतर ही उपभोक्ताओं तक पहुंचें.
LPG Crisis LIVE: प्रधानमंत्री की मंत्रियों को नसीहत, मौजूदा हालात पर लोगों से संपर्क बना कर रखें
मिडिल ईस्ट और एलपीजी क्राइसिस के बीच पीएम मोदी ने कहा है कि जो लोग मौजूदा स्थिति को घबराहट की स्थिति बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उन पर कड़ी नज़र रखें. सोशल मीडिया पर विपक्ष के प्रचार का आक्रामक तरीके से जवाब देना चाहिए. यह ऐसी स्थिति है जो सिर्फ एक देश नहीं बल्कि पूरे विश्व को प्रभावित कर रही है. भारत की तैयारियां बहुत मजबूत हैं. भारत हमारे पड़ोसियों सहित कई अन्य देशों से बेहतर तैयार है.
Pune LPG Shortage LIVE: पुणे के मशहूर 'बादशाही होटल' पर लगा ताला
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एलपीजी की किल्लत से देश के कई हिस्सों में होटल और रेस्त्रा पर भी संकट है. इसी बीच, खबर आई है कि पुणे के मशहूर 'बादशाही होटल' पर ताला लगा दिया गया है.
Jharkhand LPG Crisis LIVE: एलपीजी गैस के किल्लत को लेकर उठी अफवाह के बीच गढ़वा डीसी ने दी सख्त चेतावनी
पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल और डीजल लेने की भीड़, गैस गोदामों पर गैस लेने की इन दिनों भीड़ उमड़ पड़ी है. गढ़वा मे यह अफवाह जब से तेजी से फैली है तब से इन जगहों पर खूब भीड़ उमड़ रही है. कई पेट्रोल पम्प पर इस स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने जगह जगह छापेमारी भी की. जिसके बाद कई पेट्रोल पम्प मालिकों मे हड़कंप मच गया. इसे लेकर गढ़वा डीसी ने सख्त लहजे में कहा है कि मिडिल ईस्ट में युद्ध के चलते यह हालात बने हुए है. लेकिन इससे घबराने की बात नहीं है. देश में इन सभी चीजों का आठ हफ्ते का स्टॉक पड़ा हुआ है. ज्यादा पैनिक होने की जरुरत नहीं है. जो भी लोग पेट्रोल पम्प से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का स्टॉक करेंगे. हम ऐसे लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करेंगे. ऐसे लोग आपदा में अवसर न तलाशें.
LPG Shortage LIVE: सरकारी स्कूलों में बच्चों मिड-डे मील पर संकट! लकड़ी के चूल्हे पर बनाने को मजबूर रसोइए
LPG गैस की किल्लत का असर अब सरकारी स्कूलों में बन रहे एम डी एम पर भी दिखने लगा है. ताजा मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद का है. जहां गैस नहीं मिलने से लकड़ी से चूल्हे पर मिड डे मील (एमडीएम) बनाने के लिए रसोसिया मजबूर है. लकड़ी से एमडीएम बनाने में रसोसियो को धुएं मे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि चार पांच दिनों से गैस नहीं है और बुक भी नहीं हो रहा है.
LPG Shortage LIVE: ऑनलाइन गैस बुकिंग में हो रही है ग्रेटर नोएडा में समस्या
मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के बीच गैस की दिक्कत सामने आ रही है ग्रेटर नोएडा में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है ग्रेटर नोएडा मैं जो लोग ऑनलाइन गैस बुकिंग कर रहे हैं. उनमें से इंडियन गैस बुकिंग का नंबर नहीं लग रहा है. जबकि एचपी गैस बुकिंग का कस्टमर केयर नंबर से सिलेंडर बुक हो रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा के निवासी मनीष ने बताया कि उनके पास दो गैस कनेक्शन हैं एक एचपी गैस और दूसरा इंडियन गैस का कनेक्शन हैं. एचपी गैस के कनेक्शन से उनका सिलेंडर बुक हो गया है, लेकिन इंडियन गैस के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल नहीं लग पा रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
LPG Shortage LIVE: एलपीजी गैस की किल्लत पर गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन की बैठक, लोगों से की ये अपील!
मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के असर के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है. कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनें देखी जा रही हैं. इसी स्थिति को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गैस एजेंसी संचालकों और संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की.
सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस की कमी नहीं होनी चाहिए. साथ ही गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए है.
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रशासन की टीम बनाकर लगातार छापेमारी करेगी ताकि कहीं भी ब्लैक मार्केटिंग न हो सके. जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है.
LPG Shortage LIVE: एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से क्या बंद होगा ट्रेनों में खाना, IRCTC ने दिए निर्देश
LPG Crisis LIVE: एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच IRCTC ने अपने कैटरिंग यूनिट्स को कुछ निर्देश दिए. पश्चिम एशिया में चल रहे अंतरराष्ट्रीय संघर्ष के कारण कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसलिए रेलवे स्टेशनों के फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन आहार में खाना-पानी की सेवा बंद नहीं होनी चाहिए.
IRCTC के निर्देश
- अगर LPG की कमी हो तो माइक्रोवेव और इंडक्शन जैसे दूसरे कुकिंग तरीकों का इस्तेमाल करें.
- सामान्य खाने के साथ-साथ रेडी टू ईट फूड का पर्याप्त स्टॉक रखें, ताकि यात्रियों को खाना मिलता रहे.
- अगर किसी यूनिट में एलपीजी से खाना बनाना बंद हो जाए, तो तुरंत पश्चिम जोन कंट्रोल को सूचना दें.
- यह सभी निर्देश तुरंत लागू करने को कहा गया है.
- इन निर्देशों का पालन करना जरूरी है ताकि यात्रियों की सेवा में कोई रुकावट न आए