विज्ञापन

'भारत में नाम देखकर चयन नहीं होता', मोहम्मद सिराज पर इमरान मसूद के आरोपों पर शशिकांत शिंदे का जवाब

इस विवाद के बीच एनसीपी (एसपी) नेता ने चयन प्रक्रिया का बचाव करते हुए सबूत सामने रखने की चुनौती दी. उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए.

'भारत में नाम देखकर चयन नहीं होता', मोहम्मद सिराज पर इमरान मसूद के आरोपों पर शशिकांत शिंदे का जवाब
शशिकांत शिंदे ने मोहम्मद सिराज के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के मोहम्मद सिराज को लेकर दिए गए बयान पर एनसीपी (एसपी) नेता शशिकांत शिंदे ने असहमति जताई है. मसूद ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर धर्म का मुद्दा उठाया था. उनका दावा था कि सिराज को मुस्लिम होने की वजह से नहीं चुना गया. इस पर शशिकांत शिंदे ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों का चयन उनकी योग्यता यानी मेरिट के आधार पर होता है.

उन्हें नहीं लगता कि सिराज के मामले में ऐसा कुछ हुआ होगा. उन्होंने कहा कि पहले भी कई मुस्लिम खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं. इनमें इरफान पठान और यूसुफ पठान जैसे नाम शामिल हैं. शिंदे ने कहा कि अगर इमरान मसूद के पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत है तो उन्हें उसे सामने रखना चाहिए. भारत में खिलाड़ियों का चयन उनका नाम देखकर नहीं किया जाता. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मसूद का पूरा बयान नहीं सुना है.

महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या पर सरकार को घेरा

शशिकांत शिंदे ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्याओं के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भीषण सूखे के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ी हैं और आत्महत्या के मामले भी सामने आ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि सूखे के दौरान ही सरकार को चेतावनी दी गई थी कि किसानों की आत्महत्याओं में बढ़ोतरी हो सकती है. अब सामने आए आंकड़ों से उनकी आशंका सही साबित हुई है.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कैबिनेट में लगातार फैसले तो ले रही है लेकिन उन्हें लागू करने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है. केंद्र सरकार से महाराष्ट्र को जो आर्थिक मदद मिलनी चाहिए थी वह भी अब तक नहीं मिली है. शिंदे ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर किसानों को केवल भरोसा दिलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर हालात में सुधार दिखाई नहीं दे रहा है.

अमिताभ बच्चन को धमकी मिलने पर कानून-व्यवस्था पर सवाल

फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को हाल ही में मिली धमकी पर भी शशिकांत शिंदे ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और यहां किसी अभिनेता को धमकी मिलना केवल फिल्म जगत तक सीमित मामला नहीं है. इससे बड़े उद्योगपतियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा होती है.

उन्होंने कहा कि अगर अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ सुरक्षा के बीच रहना पड़ रहा है तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. महाराष्ट्र सरकार को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए. शिंदे ने चेतावनी दी कि अगर मुंबई से बॉलीवुड का कारोबार खत्म होता है तो यह महाराष्ट्र के लिए खतरे की घंटी होगी. उन्होंने कहा कि कई लोगों को धमकियां मिली हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है.

यह भी पढ़ें | नाम 'सिराज' इसलिए...कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान से गरमाई सियासत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohammed Siraj, Imran Masood, Shashikant Shinde
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com