विज्ञापन
This Article is From May 27, 2012

उत्तर भारत को झुलसा रही है तपती धूप

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत को भीषण गर्मी व तपती धूप झुलसा रही है और इससे लोगों को जल्द ही निजात मिलती नहीं दिख रही। रविवार को भी धूप व लू से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक यही स्थिति रहने वाली है।

राजधानी दिल्ली की सुबह ही तपिशभरी रही। दिन चढ़ते धूप और तेज होती गई। अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है।

उत्तर प्रदेश में रविवार को भी भीषण गर्मी और लू जारी रहा। तेज धूप के कारण लोग घरों से निकलने में परहेज करते रहे। पारा 46 डिग्री सेल्सियस को पार गया है। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

बीते 24 घंटों के दौरान 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद आगरा का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 45.2 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर का 44.6 डिग्री सेल्सियस और मिर्जापुर का 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश भी तेज धूप एवं गर्म हवाओं से झुलस रहा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ओडिशा में भी तेज धूप की तपिश से लोग बेहाल हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में हालांकि तापमान में मामूली गिरावट आई है, लेकिन इससे लोगों को किसी तरह की राहत मिलती नजर नहीं आ रही।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में सर्वाधिक गर्म स्थान सम्बलपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

समुद्री क्षेत्र से सम्बंधित जिलों में हालांकि तापमान में कुछ कमी आई है और यह 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तर भारत, तपती धूप, Summer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com