महाराष्ट्र की राजनीति में हर दिन कोई न कोई नई हलचल देखने को मिल रही है. उद्धव ठाकरे के 6 सांसद बागी होकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो रहे हैं. जिस पर उद्धव गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा 'आज 6 गद्दार पैदा हुए हैं. कीनिया में एक महिला ने एक साथ 5 बच्चों को जन्म दिया था.' उनका यह बयान तेजी से सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. उद्धव ठाकरे ने मुंबई में अपने विधायकों और एमएलसी की बैठक बुलाई है. जिसमें संजय राउत भी शामिल हुए हैं. यह बैठक अहम मानी जा रही है.
संजय राउत बोले-6 गद्दार डिलीवर हो चुके हैं
शिवसेना (UBT) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत बागी पार्टी के सांसदों पर बेहद नाराज नजर आ रहे हैं. उन्होंने मुंबई में इन सांसदों पर तीखा तंज कसा है. 6 सांसदों को गद्दार, बेईमान और धोखेबाज करार दिया और तंज कसते हुए कहा 'आज 6 गद्दार डिलीवर हो चुके हैं, लेकिन यह मरीज पूरी मरीज स्वस्थ नहीं है, उन्हें जल्द ही सिजेरियन करना होगा. केन्या में भी एक महिला ने एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन यहां 6 हैं. उनके जन्म की खबर नंदनवन से आई है. (बता दें नंदनवन मुंबई में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक सरकारी आवास का नाम है.)
उद्धव ठाकरे की पार्टी की बड़ी बैठक
एक तरफ महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की पार्टी के 6 लोकसभा सांसद टूट रहे हैं. दूसरी तरफ सोमवार को एक और बड़ी खबर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में चली. जिसमें उद्धव की पार्टी के 20 में से 14 विधायकों के बगावत करने का दावा किया गया है. ऐसे में इन खबरों के बीच उद्धव ठाकरे ने अपने सभी विधायक और एमएलसी की बैठक बुलाई है. उद्धव ने सभी 20 विधायकों और 6 एमएलसी को बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए हैं. आदित्य ठाकरे ने भी इस बैठक की जानकारी दी है. ऐसे में मुंबई में होने वाली उद्धव गुट की यह बैठक अहम मानी जा रही है.
फिलहाल महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो चुका है. ऐसे में सभी विधायकों को मुंबई में रहने की संभावना है. इसलिए इस बैठक पर सबकी नजरें हैं. क्योंकि बैठक में कितने विधायक पहुंचते हैं. यह दिलचस्प होगा.
ये भी पढ़ेंः अब 20 में से 14 विधायक भी शिंदे के साथ जाने को तैयार, उद्धव सेना में हड़कंप; बुलाई इमरजेंसी बैठक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं