राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी के मामले में सोमवार को बड़ा एक्शन हुआ. राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर हो गया है. ट्रस्ट की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन चीजों को भी दिखाया गया, जिनके गायब होने का आरोप लगा था.
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उन सभी चीजों को दिखाया, जिन्हें लेकर दानदाताओं ने गायब होने का आरोप लगाया था. इनमें कागभुशुंडी, हार, चरण-पादुका और सोने की परत वाली रामचरित मानस है.
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद कई दानदाताओं ने दान में दी गई चीजों के गायब होने का दावा किया था. इनमें चांदी से बनी कागभुशुंडी की प्रतिमा थी.
#WATCH | Uttar Pradesh: Ornaments of Shri Ram Janmbhoomi Temple displayed by Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra Trust, in Ayodhya. pic.twitter.com/ChlP6yRFIR
— ANI (@ANI) July 6, 2026
इसके अलावा, रामलला को दान में मिला हीरे से जड़ा एक हार गायब होने का आरोप था, जिसे जौनपुर के एक श्रद्धालु ने बनवाया था. सोने की एक चरण पादुका गायब होने की भी खबरें भी थीं. वहीं, हाल ही में पूर्व केंद्रीय गृह सचिव लक्ष्मी नारायण ने दावा किया था कि 8 अप्रैल 2024 को 24 कैरेट सोने की परत चढ़ी रामचरित मानस ट्रस्ट को भेंट की थी, वह गायब हो गई है. इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये थी.
यह भी पढ़ेंः कौन हैं कृष्ण मोहन, जो संभालेंगे चंपत राय वाला काम; बताया कैसे राम मंदिर ट्रस्ट का बढ़ाएंगे 'ट्रस्ट'
चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. सोमवार को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है. अब इनकी जगह कृष्ण मोहन ट्रस्ट का काम संभालेंगे.
ट्रस्ट की बैठक में अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत स्थायी सदस्य मौजूद थे. हालांकि, इस बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा दोनों ही मौजूद नहीं थे.
बैठक से पहले महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि वह चोरी की घटना से बहुत आहत हैं और उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की थी.
इस कथित चोरी के सिलसिले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें चंपत राय का ड्राइवर टिन्नू यादव भी शामिल है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि वे इस 'पाप' में शामिल सभी लोगों को सजा दिलाएंगे.
अब तक 3,264 करोड़ का चंदा मिला
राम मंदिर ट्रस्ट के गठन से लेकर 31 मार्च 2026 तक ट्रस्ट को चंदे के तौर पर 3264 करोड़ रुपए प्राप्त हुए. इसमें से 2370 करोड़ रुपए मंदिर निर्माण और अन्य मदों में खर्च किए गए. ट्रस्ट को चढ़ावे के तौर पर शुरू से लेकर अब तक 582 करोड़ रुपए मिले हैं. इनमें से 391 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। बाकी बची हुई राशि बैंक में जमा है.
ट्रस्ट को नकद के अलावा 2926 वस्तुएं दान के तौर पर प्राप्त हुईं. चांदी को गलाकर छड़ी बनाई गई है. ट्रस्ट के गलाई गई चांदी की तस्वीर और वजह का हिसाब रखने का दावा किया है.
यह भी पढ़ेंः राम मंदिर ट्रस्ट को मिले सामान का रजिस्टर ही उठा लाए कोषाध्यक्ष, भावुक होकर की एक अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं