विज्ञापन

'राम मंदिर में चंदा चोरी से हिंदू भावनाएं आहत नहीं हुईं?', नाटक के मंचन को लेकर FIR पर बोले विपक्षी सांसद

राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ बनारस में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर विपक्ष ने पलटवार किया है.

'राम मंदिर में चंदा चोरी से हिंदू भावनाएं आहत नहीं हुईं?', नाटक के मंचन को लेकर FIR पर बोले विपक्षी सांसद
राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ संतो ने राम मंदिर पर नाटक के मंचन को लेकर केस किया है.
INC/X

वाराणसी में लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद पप्पू यादव और अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज किये जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. ये मामले शनिवार को दर्ज हुए हैं. इन तीनों सांसदों पर आरोप है कि उन्होंने संसद परिसर में राम मंदिर चंदे की चोरी पर एक नाटक के जरिए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.

काशी जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस गौरव बंसवाल के मुताबिक, वाराणसी पुलिस ने इन तीनों विपक्षी नेताओं के खिलाफ कोतवाली पुलिस स्टेशन में संतों की ओर से दी गई औपचारिक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है. 

धर्म के अपमान का आरोप

संतों का आरोप है कि इन सांसदों ने सनातन धर्म का अपमान किया है. दिल्ली में भी सांसद बांसुरी स्वराज समेत बीजेपी नेताओं ने इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. अब कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल सोमवार को इस मामले को संसद में फिर उठाने की तैयारी कर रहे हैं.

एनडीटीवी से बातचीत में कांग्रेस के लोक सभा सांसद तारिक अनवर ने कहा, "राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी सांसदों के खिलाफ FIR दर्ज करने से कुछ नहीं होगा. जनता में बहुत नाराजगी है राम मंदिर में चोरी मामले को लेकर. चढ़ावा चोरी हो जाए इससे बुरी बात क्या हो सकती है? सोमवार को कांग्रेस लोकसभा में राम मंदिर दान चोरी मामले में फिर चर्चा की मांग करेगी. सरकार राम मंदिर दान चोरी मामले पर मूक दर्शक बनी हुई है. देश जानना चाहता है की राम मंदिर मैं चोरी कैसे संभव हुई".

'चोरी से हिंदू भावनाओं को ठेस नहीं पहुंची है?'

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के मुताबिक, FIR का मामला कोर्ट में तय होगा. उन्होंने NDTV से कहा, "आज तक हमने सरकार की तरफ से यह नहीं सुना की राम मंदिर में जो चढ़ावा चोरी हुआ वह गलत है. खुद सरकार क्यों नहीं कहती कि यह गलत हुआ है? कहीं कोई स्किट कर रहा है, कहीं कोई शिकायत कर रहा है. क्या राम मंदिर में हुई चोरी से हिंदू भावनाओं को ठेस नहीं पहुंची है?

विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल भी इस मामले में कांग्रेस के साथ खड़ी है. रविवार को RJD के राज्य सभा सांसद मनोज झा ने एनडीटीवी से कहा,  "मैं भी हिंदू हूं. भावनाएं उस दिन आहत हुई थी जिस दिन चोरी और डकैती हुई. डकैती हुई, चोरी छोटा शब्द है. और चोरी किसके निजाम में हुई, डकैती किसके निजाम में हुई? जिसके नाम पर गाने बनवाए गए थे, जिसको बड़ा दिखाते हुए रामलला को छोटा दिखाया गया था."

मनोज झा ने कहा, "जिन्होंने चंदा खाया है, उनका क्या करेंगे - यह गाना बनाना चाहिए. यह मुद्दा संसद में उठेगा. अगर आप बच्चों पर पैलेट गन चलवाते हो और उनसे उल्टे माफी मांगने के बजाय माफ कर देने का स्वांग रचते हो तो आपकी प्राथमिकता पता चलती है, जाहिर है दस्तक होगी."

पिछले कुछ दिनों से राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे विपक्षी दल अब फिर सोमवार को लोक सभा और राज्य सभा में इस मुद्दे को उठाने की तैयारी कर रहे हैं. जाहिर है, इस मुद्दे पर संसद में सोमवार को फिर हंगामा होने के आसार हैं.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ केस दर्ज; भगवा वेश में प्रदर्शन पर एक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir Chadava Chori, Rahul Gandhi, Pappu Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com