विज्ञापन

स्वामी रामभद्राचार्य बोले, राहुल गांधी भ्रमित हैं और ममता बनर्जी अपने कर्मों का फल भोग रहीं

स्वामी रामभद्राचार्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. उन्होंने बताया कि देश की अर्थव्यवस्था ठीक है.

स्वामी रामभद्राचार्य बोले, राहुल गांधी भ्रमित हैं और ममता बनर्जी अपने कर्मों का फल भोग रहीं
रामभद्राचार्य का राहुल गांधी पर निशाना (फाइल फोटो)
लखनऊ:

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देश में आर्थिक सुनामी की भविष्यवाणी करने पर स्वामी रामभद्राचार्य ने जवाब दिया है. पद्मविभूषण तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि राहुल गांधी को भ्रम है. देश की अर्थव्यवस्था को बढ़िया बताते हुए रामभद्राचार्य राहुल गांधी को भ्रमित व्यक्ति करार दे रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को भी बेहतरीन बताया है. 


लखनऊ आए स्वामी रामभद्राचार्य ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के गाय को राष्ट्र माता घोषित करने वाले बयान पर कहा कि मौलाना बतायें कि बकरीद के दिन क्यों गौ कटवाया? हमने तो गाय को पहले ही विश्वमाता घोषित कर रखा है. सीएम योगी के गाय पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि सीएम योगी सही कह रहे हैं. उन्होंने पूछा कि क्या हम अपनी मां को घोषित करेंगे? वो पहले से हमारी मां है.


स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि हिंदुत्ववादियों को लोकसभा में जिस दिन 370 सीटें मिल गईं, या दिन गोवंश बंद हो जाएगा. ममता बनर्जी को लेकर रामभद्राचार्य ने कहा कि अपने कर्म का फल ममता बनर्जी भोगेंगी. उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में होने वाली टूट को ममता बनर्जी के कर्मों का फल बताया है. रामभद्राचार्य का दावा है कि ममता बनर्जी ने अपने शासन में हिंदुओं और महिलाओं का उत्पीड़न किया, भ्रष्टाचार किया. दुकान चलाने वाले अपने भतीजे को अरबपति बना दिया.


स्वामी रामभद्राचार्य से पत्रकारों ने पूछा कि क्या संन्यासियों के राजनीति में आना चाहिए. इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये दुर्भाग्य है कि संन्यासी राजनीति करना चाहते हैं . उन्होंने कहा कि संन्यासी को अपना काम करना चाहिए। सबको नेता बनना है, ये ठीक नहीं हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ के राजनीति में होने पर रामभद्राचार्य कहते हैं कि उन्हें हमने बिठाया है और वो अच्छा शासन कर रहे हैं.


उत्तर प्रदेश में अपराधियों के एनकाउंटर्स को लेकर स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि पुलिस किसी का धर्म देखकर नहीं बल्कि अपराध देखकर एनकाउंटर करती है. गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का ज़िक्र करते हुए रामभद्राचार्य ने कहा कि बकरीद के दिन राक्षस उस बच्चे को ले गए और मार डाला। उन्होंने रामराज्य का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि सब अपने अपने धर्म का पालन करें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com