मणिपुर में कांग्रेस विधायक दल के नेता केशम मेघचंद्र सिंह ने आज सवाल उठाया कि क्या RSS प्रमुख मोहन भागवत का मौजूदा दौरा इस हिंसाग्रस्त राज्य में शांति बहाल करने की दिशा में कोई ठोस योगदान दे पाएगा. उन्होंने कहा कि मणिपुर को अब एक बार फिर आश्वासन देने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे स्थायी शांति, सुरक्षा, पुनर्वास, जवाबदेही और एक विश्वसनीय राजनीतिक रोडमैप की आवश्यकता है.
भागवत बुधवार दोपहर तीन दिवसीय दौरे पर इंफाल पहुंचे हैं. इस दौरान वह राज्य में संगठन की गतिविधियों और सामाजिक पहलों की समीक्षा करेंगे. संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि वह आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत राज्य में चलाए जा रहे कार्यक्रमों का भी आकलन करेंगे. केशम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मणिपुर को शांति चाहिए, केवल संगठनात्मक बैठकें नहीं. RSS प्रमुख मोहन भागवत का 18 से 20 नवंबर तक मणिपुर दौरा हमारे राज्य में जारी संकट को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य लंबे समय से जातीय संघर्ष झेल रहा है. इस दौरान निर्दोष लोगों की जान गई, हजारों परिवार विस्थापित हुए, घर और आजीविका के साधन नष्ट हो गए तथा विभिन्न समुदायों के बीच खाई और गहरी हो गई है. उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों से अनिश्चितकाल तक इंतजार करने की उम्मीद नहीं की जा सकती, जबकि हजारों परिवार अब भी विस्थापित हैं, उनके घर खाली पड़े हैं, आजीविका के साधन बर्बाद हो चुके हैं और समुदाय भय तथा अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं.
कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा कि यदि आरएसएस नेतृत्व का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक नेतृत्व पर प्रभाव है, तो मणिपुर के लोगों को यह उम्मीद करने का पूरा अधिकार है कि उस प्रभाव का इस्तेमाल शांति, मेल-मिलाप और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाने में किया जाएगा. गौरतलब है कि मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 49 लोग अब भी लापता हैं। इस संघर्ष के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं. इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं