विज्ञापन

राम मंदिर ट्रस्ट को मिले सामान का रजिस्टर ही उठा लाए कोषाध्यक्ष, भावुक होकर की एक अपील

राम मंदिर ट्रस्ट की मीटिंग के बाद कोषाध्यक्ष गोविंदानंद गिरी ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि तमाम तरह की अफवाहें चलती हैं. सवाल उठाए जाते हैं कि सामान दान हुआ था, उसका क्या हुआ. हम बता दें कि सारी चीजें मौजूद हैं और उनका रजिस्टर भी बना हुआ है.

राम मंदिर ट्रस्ट को मिले सामान का रजिस्टर ही उठा लाए कोषाध्यक्ष, भावुक होकर की एक अपील
अयोध्या:

राम मंदिर ट्रस्ट के कामकाज को लेकर उठे सवालों और चढ़ावा चोरी विवाद पर आज फैसले वाला दिन रहा. ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया. मीटिंग के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंदानंद गिरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया और लोगों से भावुक अपील की. उन्होंने कहा कि मीडिया में कई तरह की अफवाहें चल रही हैं. कई लोगों ने अलग-अलग दावे किए हैं कि कुछ चीजें गायब हो गई हैं. लेकिन सब कुछ सुरक्षित है. उन्होंने कहा कि मीडिया में बहुत कुछ कहा जा रहा है. यह कितना सच है, इसके बारे में समाज को जानना चाहिए. 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोविंदानंद गिरी रजिस्टर ही ले आए, जिसमें अब तक मिली अमूल्य वस्तुओं की डिटेल्स थी. उन्होंने कहा कि कुल 2800 वस्तुओं का हमारे पास रजिस्टर है और ये सभी सुरक्षित है. गिरी ने कहा कि हम आगे जो काम करने वाले हैं, उसमें किसी को भी दोष निकालने का मौका नहीं मिलेगा. हमारा यह ट्रस्ट इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई समस्या न आए. इस दौरान गोविंदानंद गिरी ने उन राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा, जो इस पर आरोप लगा रहे थे. उन्होंने कहा कि राम के अस्तित्व को ही अदालत में खारिज करने वाले अब तरह-तरह की बात कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें: कृष्ण मोहन संभालेंगे चंपत राय और अनिल मिश्रा का काम, राम मंदिर ट्रस्ट से दोनों के इस्तीफे मंजूर

उन्होंने कहा कि अफवाहों की जांच होने तक शांति बनाए रखें. उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई आशंका है तो वह आकर चेक कर सकता है. आप कार्यालय आ सकते हैं. इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी अपील की और कहा कि आप बिना किसी पुष्टि के खबरें न चलाएं. वह मीडिया से बात करते हुए बेहद भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए लोगों ने अपनी जान और करियर की परवाह नहीं की. उस राम मंदिर में चढ़ावा चोरी जैसी घटना हुई तो हम दुखी हैं, आहत हैं. चोरी कितनी बड़ी हुई, यह महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि ऐसा हुआ. इसी बात का बहुत दुख है. हम इस घटना से गहरे दुख में डूब गए. 

चंपत राय की तारीफ भी की, बोले- बड़ा मन दिखाकर इस्तीफा दिया

गोविंदानंद गिरी ने कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा ने त्यागपत्र दिया है और इसे स्वीकार कर लिया गया. गोविंदानंद गिरी ने कहा कि चंपत राय ने तय किया है कि जब तक अपराधी नहीं पकड़े जाएंगे, तब तक हमारे लिए पद पर बने रहना संभव नहीं है. इसलिए हमने त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया है. ट्रस्ट के नियमों के अनुसार भी यह तय है कि यदि कोई इस्तीफा देता है तो उसे स्वीकार माना जाता है. गोविंदानंद गिरी ने बताया कि के. परासरण ने बताया कि कैसे इस इस्तीफे को स्वीकार करना ही होगा. उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार हमें यह तय करने का हक ही नहीं है कि इस्तीफे को खारिज करें. इस तरह चंपत राय ने बड़ा मन दिखाते हुए पद से इस्तीफा दिया है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं कृष्ण मोहन, जो संभालेंगे चंपत राय वाला काम; बताया कैसे राम मंदिर ट्रस्ट का बढ़ाएंगे 'ट्रस्ट'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir Trust, Ram Mandir Trust News, Ram Mandir News In Hindi, Ram Mandir News Latest, India News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com