विज्ञापन
This Article is From Sep 25, 2022

राजस्थान : टीम गहलोत ने अपने खेमे से मुख्यमंत्री बनाने पर दिया जोर, प्रस्ताव किया पारित

धारीवाल के घर हो रही बैठक का एजेंडा क्या है इसकी जानकारी अभी तक किसी को नहीं है. लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह बैठक अशोक गहलोत के सबसे वफादार नेता के नाम को सीएम पद के लिए आगे करने को लेकर हो रही है. 

राजस्थान : टीम गहलोत ने अपने खेमे से मुख्यमंत्री बनाने पर दिया जोर, प्रस्ताव किया पारित
नई दिल्ली:

राजस्थान में विधायक दल की बैठक से पहले अशोक गहलोत कैंप के करीब 56 MLA शांति धारीवाल के घर पहुंचे हैं. धारीवाल को अशोक गहलोत का करीबी बताया जाता है. पार्टी विधायक द की बैठक से पहले हो रही इस मुलाकात को बेहद खास माना जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है आज शाम राज्य के नए सीएम के नाम की घोषणा कर सकती है. हालांकि, धारीवाल के घर हो रही बैठक का एजेंडा क्या है इसकी जानकारी अभी तक किसी को नहीं है. लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह बैठक अशोक गहलोत के सबसे वफादार नेता के नाम को सीएम पद के लिए आगे करने को लेकर हो रही है. अब खबर आ रही है कि अशोक गहलोत कैंप के विधायकों ने अपने खेमे से सीएम बनाने का प्रस्ताव दिया है. इसे लेकर उन्होंने प्रस्ताव भी पारित किया है. सूत्रों से खबर आ रही है कि अगर पार्टी उनके प्रस्ताव को नहीं मानती है तो अशोक गहलोत खेमे के विधायक अपने पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं. 

इन सब के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट किया है. उन्होंने ट्वीट में लिखा कि ये तो मीडिया ने उड़ा दिया शुरू से ही कि अशोक गहलोत राजस्थान का मुख्यमंत्री पद छोड़ना नहीं चाहते हैं, जबकि ये बात कभी मेरे दिमाग में नहीं रही, मैं तो 9 अगस्त को ही कह चुका हूं हाईकमान को कि अगला राजस्थान का चुनाव जीतना बहुत आवश्यक है कांग्रेस को.

आज शाम सीएम आवास पर होने वाली विधायक दल की बैठक अभी तक शुरू नहीं हो पाई है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार अशोक गहलोत खेमे के 56 के करीब विधायक अभी भी शांति धारीवाल के घर पर मौजूद हैं. पार्टी ने सभी विधायकों को सात बजे से पहले सीएम आवास पर बैठक के लिए कहा था लेकिन जब विधायक तय संख्या में सीएम आवास पर नहीं पहुंचे तो पार्टी ने फिलहाल कुछ देर और इंतजार करने का फैसला किया है. लिहाजा इस वजह से अभी तक विधायक दल की बैठक शुरू नहीं हो पाई है. 

उधर, इस बैठक से पहले अशोक गहलोत ने कहा कि मेरी इच्छा है कि कहीं ना जाऊं, राजस्थान में ही रहकर सेवा करूं. उन्होंने आगे कहा कि आप चिंता ना करें कहां जाऊंगा, कहां नहीं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा. वहीं, विधायक दल की बैठक से पहले गहलोत कैंप के विधायकों के बीच हो रही बैठक को राजनीति के जानकार पार्टी के वरिष्ठ नताओं पर दबाव बनाने की रणनीति की तरह देख रहे हैं.

अशोक गहलोत कैंप के विधायक और मौजूदा सरकार में मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि अशोक गहलोत को ही सीएम रहना चाहिए. एक अन्य विधायक संयमय लोढ़ा न कहा कि अगले सीएम के नाम पर फैसला विधायकों की राय से ही होना चाहिए. ऐसा नहीं हुआ तो सरकार गिर भी सकती है. 

बता दें कि राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों के बीच कांग्रेस पार्टी ने आज (रविवार, 25 सितंबर) जयपुर में विधायक दल की बैठक बुलाई गई है है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता  मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान प्रभारी अजय माकन भी मौजूद रहेंगे. विधायक दल की इस बैठक में राज्य का अगला सीएम कौन होगा इसपर फैसला लिया जा सकता है. सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस रेस में सचिन पायलट का नाम सबसे आगे चल रहा है लेकिन विधायक दल की बैठक से पहले किसी नाम पर साफ तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. कांग्रेस पार्टी ने जयपुर में होने वाली इस बैठक को लेकर ट्वीट भी किया था.

पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने शनिवार रात को ट्वीट किया था कि कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष ने मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन को जयपुर में होने वाली इस विधायक दल की बैठक के लिए ऑब्जर्वर और इंचार्ज बनाया है. विधायक दल की यह बैठक रविवार शाम 7 बजे शुरू होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashok Gehlot, Sachin Pilot, Congress President Election 2022
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com