- पंजाब कांग्रेस के पूर्व cm चरणजीत सिंह चन्नी ने आठ दिनों में लगभग 635 KM की साइकिल यात्रा पूरी की है
- सचिन पायलट ने मंच से राजा वडिंग की प्रशंसा की और पार्टी में चल रही नाराजगी की बात भी इशारों में छूई
- राजा वडिंग ने कांग्रेस में एकजुटता जताई और कहा कि राहुल गांधी और सचिन पायलट के नेतृत्व में नई सरकार बनाएंगे
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा' के पहले चरण का समापन गुरुवार को खन्ना में एक बड़ी रैली के साथ हुआ. रैली ने सिर्फ कांग्रेस के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाओं के बीच एकजुटता का भी प्रदर्शन किया. इस दौरान राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद राजा वडिंग समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे. चन्नी ने दावा किया कि उन्होंने आठ दिनों में पंजाब के विभिन्न जिलों में करीब 635 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर युवाओं के मुद्दों को जनता के बीच उठाया. यात्रा के अंतिम चरण में राजा वडिंग भी उनके साथ साइकिल चलाते नजर आए, जिसे कांग्रेस की एकजुटता के प्रतीक के रूप में देखा गया.
पायलट ने वडिंग की तारीफ के साथ छेड़ा नाराजगी का मुद्दा
रैली में अपने संबोधन के दौरान सचिन पायलट ने राजा वडिंग की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मंच से कई नेता उन्हें बड़ा भाई कह रहे थे और यह सच भी है क्योंकि राजा उनसे एक साल छोटे हैं. पायलट ने कहा कि राजा वडिंग को पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं, वह पंजाब कांग्रेस के प्रधान रहे और आज सांसद हैं.
हालांकि इसी दौरान पायलट ने इशारों-इशारों में पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी की अटकलों को भी छू लिया. उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे किसी भी नेता की व्यक्तिगत नाराजगी हो सकती है, लेकिन असली लड़ाई पंजाब को बचाने, युवाओं को बचाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की है. उन्होंने कहा कि ऐसे पद और पोस्ट का क्या फायदा जो पंजाब को बचाने के काम न आ सकें. सियासी जानकार पायलट के इस बयान को राजा वडिंग की कथित अंदरूनी नाराजगी की चर्चाओं से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि मंच पर दोनों नेताओं की गर्मजोशी ने एक अलग ही संदेश दिया.
राजा वडिंग बोले-सचिन ही मुझे डांट सकते हैं
अपने संबोधन में राजा वडिंग ने भी सचिन पायलट के साथ अपने रिश्तों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सचिन उनके बड़े भाई हैं और कभी-कभी उन्हें डांट भी देते हैं. वडिंग ने कहा कि पंजाब में सिर्फ सचिन पायलट ही ऐसे नेता हैं जो उन्हें डांट सकते हैं.
वडिंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस आरोप का जवाब भी दिया, जिसमें अक्सर कहा जाता है कि कांग्रेस में एकता नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि कोई घर बैठने वाला नहीं है, पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाएगी.
वडिंग ने यह भी कहा कि राहुल गांधी और सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस पंजाब में नई सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है. उन्होंने ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा' के पहले चरण की सफलता पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई भी दी.
चन्नी ने भगवंत मान सरकार को घेरा
रैली को संबोधित करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, नशे की समस्या और गैंगस्टरवाद लगातार बढ़ रहा है, जबकि उद्योगों का पलायन जारी है. चन्नी ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और उद्योगों को बढ़ावा देने में विफल रही है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने खन्ना के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और ऑटो चालकों से वसूली की जा रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी.
पीसीएस भर्ती मामले पर भी उठी आवाज
रैली में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने पीसीएस भर्ती मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया. नेताओं ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए.
सचिन पायलट ने भी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को उठा रही है. पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पंजाब में सत्ता विरोधी माहौल बन रहा है और अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए अवसर लेकर आएगा.
चुनावी तैयारी का संकेत
खन्ना की रैली को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक ओर चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा के जरिए युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बनाने की कोशिश दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर सचिन पायलट, राजा वडिंग और अन्य वरिष्ठ नेताओं की संयुक्त मौजूदगी ने पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने का काम किया. मतभेदों की चर्चाओं के बीच चन्नी और सचिन पायलट का एक मंच साझा करना और वडिंग का सार्वजनिक रूप से एकता की बात करना आगामी चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें | पंजाब चुनाव 2027: पिछली हार से कांग्रेस ने ली है सबक, टिकट बंटवारे पर फूंक-फूंक कर रख रही है कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं