दिल्ली एनसीआर में गुरुवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण जो मौसमी बदलाव आया है, वो शुक्रवार 16 अक्टूबर को भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के साथ गुरुग्राम के एनसीआर रीजन में तेज हवाओं के साथ बारिश आने का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के साथ पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और बर्फबारी देखी जा सकती है. 15 अक्टूबर की बारिश के बाद दिल्ली में अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री तक आ गया है, जिससे राजधानी में ठंड ने भी दस्तक दे दी है. वहीं दक्षिण भारत राज्यों में पूर्वोत्तर मॉनसून सक्रिय हो गया है, जो तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश ला सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के जाते ही उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून (Retreating Monsoon) से मौसम का मिजाज बदला है.
दिल्ली में आज का मौसम कैसा है (Delhi Weather Today)
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में तेज हवाओं और बारिश के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री गिरकर 28.3 डिग्री दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे कम टेंपरेचर है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं से मौसमी बदलाव हो रहा है.उत्तर पश्चिम भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान में मॉनसून की विदाई के बाद लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से बारिश लौटकर आई है.जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और ओले गिरने के वाकये हुए हैं. हरियाणा में भिवानी, रेवाड़ी से लेकर गुरुग्राम तक, पंजाब में अमृतसर, पठानकोट और दिल्ली-नोएडा के इलाकों में भी भारी बारिश देखने को मिल रही है.हिमालय क्षेत्र में दो लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से 15-16 अक्टूबर को भी बारिश जारी रहने के आसार हैं.
शिमला, मनाली से चंबा तक मौसम बदला है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड में ओले गिरने से फसलों को नुकसान भी पहुंचा है. अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में हुई ये बेमौसम बारिश पिछले सालों के मुकाबले 67 फीसदी तक ज्यादा रही है. राजस्थान में जयपुर, अलवर, बीकानेर जैसे जिलों में आज मौसम खराब रहने वाला है.
लाहुल स्पीति में बर्फबारी से बदला मौसम
हिमाचल प्रदेश में रोहतंग से लेकर लाहुल-स्पीति तक बर्फ की चादर बिछ गई है. बर्फबारी से रोहतंग दर्रा से सरचू, दारचा से शिंकू ला और ग्रामफू से बाटा मार्ग पूरी तरह बंद हैं. चंबा का प्रसिद्ध साच पास भी बर्फबारी के बाद बंद है.पांगी घाटी के सुराल में 7 सेमी और साच पास पर एक फीट तक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है. गोंदला और कीलोंग में 5 सेमी तक बर्फ गिरी है.
लाहुल और स्पीति के गोंदला में बर्फबारी के बीच फंसे लगभग 100 वाहनों को पुलिस टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला.
जम्मू-कश्मीर में कहां बर्फबारी
जम्मू के मैदानों में फ्लैश फ्लड के हालात हैं.कश्मीर घाटी को जम्मू जोन से जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड भारी बर्फबारी के कारण बंद हो गया है. प्रशासन मशीनरी के जरिए बर्फ हटाने में जुटा है.जम्मू संभाग के उधमपुर में 15 अक्टूबर को सबसे अधिक 59.6 मिमी बारिश हुई. पुंछ में 39.5 मिमी, सांबा में 34 मिमी और श्री माता वैष्णो देवी के बेस कैंप कटरा में 23.1 मिमी बारिश हुई. श्रीनगर में भी 12 मिमी बारिश हुई.
उत्तराखंड के केदारनाथ ट्रैक पर हादसा
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों और राजधानी देहरादून में बादलों के साथ हल्की बारिश जारी है.रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक तीर्थयात्री घायल हो गया. चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है.
महाराष्ट्र में अक्टूबर में हीटवेव का अलर्ट
उत्तर भारत जहां बर्फ और बारिश से कांप रहा है, वहीं महाराष्ट्र में ठंड का कोई नामोनिशान नहीं है. मुंबई के आसपास में तापमान 35 डिग्री होने के कारण हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में बने एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन और समुद्र से ठंडी हवाओं में देरी के कारण गर्मी बढ़ी है.IMD ने मुंबई के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है.

Weather Today Delhi
मौसम विभाग ने दी रेड वार्निंग
IMD मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ लगभग 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की रेड वार्निंग जारी की है.साथ ही 15 मिमी प्रति घंटा से की रफ्तार से भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं केरल के ज्यादातर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है. इन इलाकों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने के साथ 40–60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और 5–15 मिमी प्रति घंटे की गति से भारी बारिश का अलर्ट है.केरल में कोझिकोड, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर, वायनाड और तमिलनाडु में कोयंबटूर, इरोड, करूर, नमक्कल, नीलगिरि, तिरुचिरापल्ली, तिरुप्पुर जिलों में बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, ओलावृ्ष्टि
16 अक्टूबर को भी हिमाचल में शिमला-मनाली, कुल्लू- मंडी से लेकर चंबा तक बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड में हरिद्वार-ऋषिकेश में हल्की बारिश तो पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली जैसे जिलों में बर्फबारी पड़ सकती है. पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से मैदानी इलाकों में ठंड का अहसास और बढ़ने वाला है. हालांकि अभी शीत लहर की संभावना नहीं है.

अगला हफ्ता कैसा रहेगा मौसम
अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में 22 अक्टूबर तक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर फिर असर डाल सकता है, हालांकि ज्यादा बारिश होने के आसार नहीं है.पूर्वी भारत में बिहार-झारखंड और मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छ्त्तीसगढ़ में भी बारिश की संभावना काफी कम हो जाएगी.
नार्थ ईस्ट मॉनसून का असर
तमिलनाडु, पुडुचेरी में 15 से 19 अक्टूबर तक और केरल में 16 से 21 अक्टूबर तक भारी बारिश होने के आसार हैं. तटीय कर्नाटक में भी 16 से 21 अक्टूबर तक और रायलसीमा क्षेत्र में भी 20 अक्टूबर तक नार्थ ईस्ट मॉनसून की वजह से व्यापक स्तर पर बारिश का अलर्ट है. आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में इस दौरान आंधी-तूफान और 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं