विज्ञापन

केरल में CM पर सस्पेंस बरकरार, 3 घंटे मंथन के बाद भी फैसला नहीं; खरगे-राहुल ने दावेदारों से की बात

बैठक में राहुल गांधी और खरगे ने सीएम पद के तीनों दावेदारों से बात की और कहा कि जो भी पार्टी का फैसला होगा, उसे धैर्यपूर्वक स्वीकार करें. कांग्रेस नेतृत्व ने सभी नेताओं से एक साथ विचार-विमर्श करने के बाद उनसे अलग-अलग भी बात की.

केरल में CM पर सस्पेंस बरकरार, 3 घंटे मंथन के बाद भी फैसला नहीं; खरगे-राहुल ने दावेदारों से की बात
  • केरल के नए सीएम के नाम को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को अधिकृत किया है
  • कांग्रेस नेताओं की 3 घंटे चली बैठक में सीएम पद के तीन दावेदारों वेणुगोपाल, सतीशन और चेन्निथला पर चर्चा हुई
  • कांग्रेस आलाकमान ने विधायकों से एक लाइन के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है
नई दिल्ली:

केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर करीब तीन घंटे तक चली उच्च स्तरीय बैठक के बाद भी पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान नहीं किया. पार्टी नेताओं के मुताबिक, अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर छोड़ा गया है. बैठक में खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, वी डी सतीशन तथा कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक एवं प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी शामिल हुए.

बैठक के बाद रमेश चेन्नीतला ने एनडीटीवी से कहा कि केरल में मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व करेगा. आज की बैठक में हमने चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रदेश में बदले राजनीतिक हालात पर चर्चा की. हम सभी एकजुट हैं. कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सब साथ हैं. जल्द ही दिल्ली कमान से निर्देश मिलने के बाद सीएम के नाम की घोषणा हो जाएगी.

Latest and Breaking News on NDTV

चेन्निथला ने कहा, ‘‘यह एक अच्छी बैठक थी. सभी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के साथ-साथ राहुल गांधी के संग भी अपने विचार साझा किए. आलाकमान अंतिम निर्णय लेगा.'' यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री के लिए उनके नाम पर चर्चा की गई तो चेन्नीथला ने कहा कि सबके नाम पर चर्चा की गई.

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी और खरगे ने सीएम पद के तीनों दावेदारों से बात की और कहा कि जो भी पार्टी का फैसला होगा, उसे धैर्यपूर्वक स्वीकार करें. कांग्रेस नेतृत्व ने सभी नेताओं से एक साथ विचार-विमर्श करने के बाद उनसे अलग-अलग भी बात की. सीएम पद के तीनों दावेदारों वेणुगोपाल, सतीशन और चेन्नीथला ने पार्टी आलाकमान पर भरोसा जताया. 

केरल के सभी नेता आज रात वापस लौट रहे हैं. बैठक के बाद जिस तरह कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन नहीं करने की अपील की गई है, उससे संकेत मिल रहा है कि रेस में सतीशन पिछड़ गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

दीपा दासमुंशी ने तीन घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज खरगे जी और राहुल गांधी जी से हमारी लंबी चर्चा हुई. हममें से हर किसी ने खरगे जी और राहुल जी के सामने अपनी बात रखी. हमने व्यक्तिगत रूप से भी बात की और उन्होंने हमें अपना मार्गदर्शन दिया. बहुत जल्द आलाकमान द्वारा अंतिम निर्णय किया जाएगा. 23 मई (सरकार गठन के लिए) अंतिम दिन है. इसलिए, 'नियत समय' में सब होगा. मेरा मतलब है कि उचित समय सीमा के भीतर होगा.''

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लेकर अंतिम निर्णय लेना आलाकमान का काम है और सभी विधायकों ने भी एक लाइन के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें आलाकमान को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है. उन्होंने केरल में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अपने-अपने नेताओं के समर्थन में प्रदर्शन करने को लेकर कहा कि वे संयम से काम लें, क्योंकि इस तरह का अशिष्ट व्यवहार कांग्रेस की संस्कृति नहीं है.

दासमुंशी ने कहा, ‘‘केरल की जनता ने हमें प्रचंड बहुमत दिया है. हम सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध कर रहे हैं कि वे इस तरह की गतिविधि को रोकें.'' वहीं सतीशन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व की तरफ से जल्द निर्णय लिया जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV

केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन के लिए विधायकों की राय लेने के बाद पार्टी के दोनों पर्यवेक्षकों माकन और वासनिक ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपी थी.

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन के संबंध में विचार जानने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षकों वासनिक और माकन ने गुरुवार को पार्टी विधायकों और गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक की थी. इसी बैठक में पार्टी की परंपरा के अनुरूप एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था.

सूत्रों का कहना है कि विधायकों से रायशुमारी के दौरान ज्यादातर ने वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री के लिए अपनी पसंद बताया था, हालांकि यह माना जा रहा है कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सतीशन की स्वीकार्यता ज्यादा है. चेन्निथला की वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए उनकी दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

यूडीएफ ने नौ अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 140 सीट में से 102 सीट हासिल कीं. गठबंधन की प्रमुख पार्टी कांग्रेस ने 63 सीट पर जीत दर्ज की है.

इसे भी पढ़ें: केरल में मुख्यमंत्री का फैसला जल्द, कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने अध्यक्ष खरगे को सौंपी रिपोर्ट

इसे भी पढ़ें: केरलम में नए CM बनेंगे केसी वेणुगोपाल? लीक हुई लिस्ट से मिला संकेत, समझिए रेस में सबसे आगे क्यों

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala Chief Minister, Kerala Congress, Mallikarjun Kharge, Rahul Gandhi, Kerala CM Selection
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com