Who is Madhav Tiwari, DC vs PBKS IPL 2026: धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में सोमवार को आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को एक नया सितारा मिला. लगातार संघर्ष कर रही दिल्ली की टीम ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे 22 साल के युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी. माधव ने न केवल अपनी सटीक गेंदबाजी से पंजाब के खतरनाक बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, बल्कि अंत में बल्ले से भी अहम योगदान देकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया.
मऊगंज के लाल ने किया कमाल
माधव तिवारी मूल रूप से मध्य प्रदेश के मऊगंज के रहने वाले हैं. उनका जन्म 28 सितंबर 2003 को हुआ. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और आक्रामक बल्लेबाज माधव को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 40 लाख रुपये में खरीदा था. हालांकि 2025 में उन्हें केवल एक मैच खेलने का मौका मिला था मुंबई इंडियंस के खिलाफ, जहां वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन किया.
गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में बिखेरी चमक
पंजाब किंग्स के खिलाफ "करो या मरो" वाले इस मुकाबले में दिल्ली ने अपनी प्लेइंग इलेवन में पांच बदलाव किए थे, जिसमें माधव को इस सीजन का पहला मौका मिला.
माधव ने पंजाब के तूफानी सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (56) का महत्वपूर्ण विकेट लेकर सनसनी मचा दी. उन्होंने 4 ओवरों में 40 रन देकर 2 विकेट झटके, जिसमें कूपर कोनोली का विकेट भी शामिल था. वहीं बल्लेबाजी में लक्ष्य का पीछा करते समय जब दिल्ली ने 170 पर 6 विकेट खो दिए थे, तब माधव ने 8 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 18 रन* बनाए और अपनी टीम को जीत की दहलीज पार कराई.
बिना स्टेट डेब्यू के पाया आईपीएल टिकट
माधव तिवारी की कहानी दिलचस्प है क्योंकि उन्होंने मध्य प्रदेश की सीनियर घरेलू टीम के लिए डेब्यू किए बिना ही आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर लिया था. उन्होंने अपनी पहचान मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) में भोपाल लेपर्ड्स की ओर से खेलते हुए बनाई. इसके अलावा, उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है. सी.के. नायडू ट्रॉफी (U-23) में उन्होंने मुंबई के खिलाफ 83 रनों की जुझारू पारी खेलकर अपनी ऑलराउंड क्षमता का परिचय दिया था.
माधव की इस शानदार परफॉर्मेंस ने दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को न केवल जिंदा रखा है, बल्कि उन्हें आईपीएल 2026 की सबसे बड़ी खोजों में से एक बना दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं