लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या विपक्ष पर आक्रामक नजर आए. बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज की तरह उन्होंने भी जमकर जेन-जी की भाषा का इस्तेमाल किया. तेजस्वी ने पीएम आवास के पास धरने पर बैठने को लेकर राहुल गांधी को घेरा. सदन में अंत के तीन मिनट में बोलते हुए कहा, ''जब बच्चों का प्रदर्शन हो रहा था तब राहुल गांधी को पॉलिटिकल फोमो हो गया. उन्होंने सोचा कि मैं कहां जाऊं, इतना हाईलाइट-स्पॉटलाइट बाकी लोगों को मिल रहा है. इसके बाद राहुल गांधी सीधा प्रधानमंत्री के घर के सामने बैठ गए.
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की खामियों की जड़ देश की शिक्षा प्रणाली में है. उन्होंने कहा कि नीट जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बच्चे आठवीं कक्षा से शुरू कर देते हैं और कई छात्र वर्षों तक कोटा जैसे शहरों में रहकर केवल रट्टा लगाने की संस्कृति का हिस्सा बन जाते हैं. सूर्या ने कहा कि एक दिन की तीन घंटे की परीक्षा से पूरे भविष्य का फैसला होना छात्रों पर भारी दबाव डालता है. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति इसी व्यवस्था को बदलने, मौलिक सोच को बढ़ावा देने और बहुविषयक शिक्षा प्रणाली लागू करने की दिशा में काम कर रही है.
युवा राजनीति नहीं, समाधान चाहते हैं: तेजस्वी सूर्या
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि देश के युवा राजनीति नहीं, बल्कि समाधान चाहते हैं. उन्होंने कहा कि छात्र इस बात से ज्यादा चिंतित हैं कि आगे की परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी हों. सूर्या ने कहा कि शिक्षा समाज में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है, खासकर सामान्य परिवारों के बच्चों के लिए, जिनके पास सफलता का यही प्रमुख रास्ता होता है.
'पेपर लीक होना छात्रों के विश्वास के साथ बड़ा धोखा'
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पेपर लीक होना छात्रों के विश्वास के साथ बड़ा धोखा है. नीट पेपर लीक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे पाप बताया और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए. सीबीआई जांच कराई गई, गिरफ्तारियां हुईं और परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए गए. सूर्या ने कहा कि सरकार ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए बड़े सुधार किए हैं और यह विधेयक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने विपक्ष से भी रचनात्मक सहयोग की अपील की.
यह भी पढ़ें- 'पीएम नरेंद्र मोदी क्लॉक्ड इट'.. बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने Gen Z वाली भाषा से एंटी पेपर लीक कानून की कर दी तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं