लोकसभा में नेता विपक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और सरकार ने जो किया वो संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है. यह चुनाव में कोई छोटी-मोटी धांधली नहीं है. यह भारत के संविधान पर हमला है. संविधान को नष्ट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 2024 के बाद देश में जितनी भी सरकारें बनी हैं, वे सभी अवैध हैं.
'वोट खत्म, तो संविधान भी खत्म'
चुनाव आयुक्त पर आई मीडिया रिपोर्ट को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि वोट की सुरक्षा की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है. संविधान से हमारे कानून बनते हैं और कानूनों से हमारे संस्थान बनते हैं. यह एक चेन है. अगर वोट ही खत्म हो गया, तो हमारा संविधान भी खत्म हो गया. अगर संविधान खत्म हो गया, तो हमारे कानून गैर-कानूनी हो जाते हैं. अगर कानून गैर-कानूनी हैं, तो हमारे संस्थानों का कोई मतलब नहीं रह जाता. यहां मुख्य सवाल यह है कि यह सिर्फ वोट पर हमला नहीं है. यह हर भारतीय नागरिक के विचार, बुनियादी ढांचे और अभिव्यक्ति पर हमला है. हम बार-बार यही कह रहे हैं कि वोटिंग प्रक्रिया में कोई समस्या है.
चुनाव आयुक्त पर साधा निशाना
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि आप बहुत पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, कृपया समझें कि यहां क्या हो रहा है. आपने जो किया है, वह भारतीय राष्ट्र के खिलाफ एक काम है. यह चुनाव में कोई छोटी-मोटी धांधली नहीं है. यह भारत के संविधान पर हमला है.
राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह हमारे देश के कानूनी ढांचे पर हमला है. आप ही वह व्यक्ति हैं जिन्हें यह सुनिश्चित करना था कि वोट सुरक्षित रहे. मैं आपसे यह भी कह रहा हूं कि हमारे पास इसे निश्चित रूप से साबित करने के लिए पर्याप्त जानकारी है. तो यह ऐसी बात है जिस पर आपको सोचना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि हम भारत में लोकतंत्र को खत्म होते हुए देखकर चुप नहीं बैठेंगे. हम ऐसा नहीं होने देंगे. जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सजा मिलेगी. आज नहीं तो कल, कल नहीं, उसके परसों, लेकिन उन्हें सजा मिलेगी. दोनों चुनाव आयुक्तों ने समझदारी भरा काम किया है.मैं इसकी तारीफ करता हूं.
यह भी पढ़ें: 'ज्ञानेश कुमार को सजा मिलेगी, आज नहीं तो कल', राहुल गांधी का बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं