चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर आई रिपोर्ट के बाद जारी बवाल के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कई आरोप लगाए. उन्होंने ज्ञानेश कुमार को गवाह बनने का ऑफर भी दिया. उन्होंने यह भी कहा कि आज नहीं तो कल ज्ञानेश कुमार को सजा जरूर मिलेगी.
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में इस बात पर सवाल उठाया कि बीजेपी के खिलाफ एंटी-इंकंबेंसी क्यों नहीं होती? उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पावर है- एंटी इंकंबेंसी. इंदिरा गांधी ने बांग्लादेश जीता, उनकी हाई पॉपुलैरिटी थी लेकन अचानक सब खिलाफ हो गए. कांग्रेस नेताओं के साथ हुआ, सब नेताओं के साथ हुआ लेकिन किसी कारण से ये बीजेपी के साथ नहीं हुआ.
उन्होंने कहा कि हरियाणा में 50 साल से हर बार सत्ता बदलती रही, लेकिन अचानक एंटी इंकंबेंसी गायब. यूपी, गुजरात, मध्य प्रदेश में हर जगह गायब. और यही हमारे लिए सवाल है. हम समझ सकते हैं कि किसी व्यक्ति की पॉपुलैरिटी, किसी सरकार की परफॉर्मेंस लेकिन हम ये नहीं समझ सकते कि एंटी-इंकंबेंसी कैसे गायब हो सकती है?
उन्होंने कहा कि एंटी इंकंबेंसी नॉर्थ कोरिया में नहीं है. हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पॉलिटिकल फोर्स कहां गायब हो गई. हम इसका जवाब ढूंढ रहे हैं और हमें मिल गया.
'वोट हमारे देश की नींव है'
राहुल गांधी ने कहा कि वोट हमारे देश की नींव है और इसे खत्म किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि संविधान है तो कानून है, कानून है तो इंस्टीट्यूशन है और इंस्टीट्यूशन है तो वोट है. लेकिन अगर संविधान खत्म हो गया तो कानून खत्म हो जाएगा, इंस्टीट्यूशन का मतलब नहीं रह जाएगा. इसलिए ये सिर्फ वोट पर हमला नहीं है, बल्कि ये हर नागरिक की अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है.
उन्होंने कहा कि दो चुनाव आयुक्तों ने ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए हैं, मैंने भी सवाल उठाए थे लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया. दोनों चुनाव आयुक्त कह रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं. वोट चोरी अब कानून चोरी बन गई है, कानून चोरी होगी तो संस्था चोरी होगी.
🔴#BREAKING | 'वोट इस देश की नींव है, वोट से संविधान को शक्ति मिलती है', प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले राहुल गांधी#RahulGandhi #Vote #Congress | #SucheritaKukretiNDTV @sucherita_k pic.twitter.com/sfFwdxefrN
— NDTV India (@ndtvindia) September 24, 2026
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वोट चोरी होती है तो संसद में बैठे जो सांसद वोट चोरी से जीते हैं, जब वो कानून बनाएंगे तो हर कानून गैरकानूनी होगी. अगर कोई इंस्टीट्यूशनल चैंज करते हैं तो वो भी गैरकानूनी है.
ऐसा दौर कभी नहीं रहाः राहुल का आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आज जिस दौर में हम जी रहे हैं, वैसा दौर कभी नहीं रहा. उन्होंने कहा कि अब सच सामने आ गया है और हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब हम एक ऐसे दौर में जी रहे हैं, जिस दौर में हम कभी नहीं रहे.
आज नहीं तो कल सजा होगीः राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत अपना इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने जो किया, वह देशद्रोह है, संविधान पर हमला है, लीगल स्ट्रक्चर पर हमला है.
उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं इसे साबित करने के. हम आज नहीं तो कल सजा देंगे. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को सोचना चाहिए और गवाह बन जाना चाहिए, यही देशभक्ति होगी. वह भी जानते हैं कि क्या हुआ है और हम खुलासा कर देंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं