विज्ञापन
This Article is From May 28, 2021

'PM कोविड को समझ ही नहीं पाए, दूसरी लहर के लिए वही जिम्मेदार', राहुल गांधी का हमला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) जिम्मेदार हैं.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी. (फाइल फोटो)
  • राहुल गांधी की कोविड पर प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • बोले- दूसरी लहर के लिए पीएम जिम्मेदार
  • 'अब तक 3 फीसदी आबादी को ही टीका लगा है'
नई दिल्ली:

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने देश में कोरोनावायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) की स्थिति को लेकर आज (शुक्रवार) प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) जिम्मेदार हैं. पीएम दूसरी लहर को समझ ही नहीं पाए. पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल ने पीएम मोदी को इवेंट मैनेजर बताया. साथ ही यह भी कहा कि अब तक देश की मात्र तीन फीसदी आबादी को ही कोविड का टीका लगा है.

राहुल गांधी ने NDTV संवाददाता के वैक्सीन से जुड़े सवाल पर कहा, 'हम दुनिया के वैक्सीन कैपिटल हैं. वैक्सीन से परमानेंट सॉल्यूशन मिलेगा. जहां से वैक्सीन ले सकते हो, जितनी भी ले सकते हो, लो और वैक्सीन लगाओ. सरकार बहाने न बनाए. लीडरशिप का मतलब ये नहीं है कि मैं काम नहीं कर पाया तो इसकी गलती है, उसकी गलती है. लीडरशिप का मतलब है कि अपना दम दिखाएं कि मैं करूंगा. समय जाया न करें. जो आपकी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं, जो आपको सच्चाई बता रहे हैं, चाहें वो विपक्ष के लोग हों, चाहें अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों हों, जिलाधिकारी हों, उनकी बात सुनिए. जब आप कहेंगे कि हमने सेकेंड वेव को हरा दिया है, थर्ड वेव आएगी.'

'जनता परेशान वैक्सीन और महंगाई से, केंद्र की प्राथमिकता- सोशल मीडिया, झूठी इमेज': राहुल गांधी

कोविड को मोविड लिखने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'टूलकिट की बात सरासर झूठ है. जब मैंने मोविड लिखा तो मेरा आशय साफ था कि अगर कोविड पर ध्यान दिया होता तो सिर्फ कोविड होता, लेकिन उन्होंने कोविड को फैलने में मदद की, इसलिए मैंने उनके नाम का पहला अक्षर इस्तेमाल किया. जब मोदी जी बंगाल में रैली कर रहे थे तो कोविड की मदद कर रहे थे. जब कदम उठाने थे, तब नहीं उठा रहे थे. इस तरह कोविड की मदद की.'

राहुल ने कहा, 'यह समझने की जरूरत है हम कोरोना से लड़ाई लड़ रहे हैं. यह अपना रूप बदलता है. सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, मास्क, लॉकडाउन अस्थायी रूप से वायरस को रोकते हैं लेकिन ये स्थायी समाधान नहीं है. इस वायरस को हराने का स्थायी समाधान टीकाकरण है. जल्द से जल्द ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन कर हम इस महामारी को हरा सकते हैं. दुनियाभर के देशों में वायरस कैसे फैला है और इससे कैसे जंग लड़ी जा रही है, हमें इससे सीखने की जरूरत है.'

उन्होंने आगे कहा, 'हमारे लोगों की जान बचाने का मामला है और सरकार को समझना चाहिए कि हम उनके दुश्मन नहीं हैं, विपक्ष उनका दुश्मन नहीं है. विपक्ष उनको रास्ता दिखा रहा है. उन्होंने हमारी बात मानी होती तो लाखों लोग इस महामारी से नहीं मरते.'

कोरोना के कारण अनाथ हुए बच्‍चों की शिक्षा के लिए सोनिया गांधी ने PM मोदी को लिखा लेटर

राहुल ने कहा, 'जब मैं इसके बारे में सरकार को चेता रहा था तो लोगों ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता को डरा रहे हैं लेकिन मैं लोगों को डरा नहीं रहा था, उनकी चिंता व्यक्त कर रहा था.' कोरोना से मौतों के सरकारी आंकड़े से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि सरकार के आंकड़े झूठे हैं. मैंने हमारे मुख्यमंत्रियों से बात की और कहा कि आप जनता के सामने सही आंकड़े रखो. कोरोना के सही आंकड़े ही हमें इस बीमारी को हराने में मदद करेंगे.'

राहुल गांधी ने सरकार बनाम सोशल मीडिया मामले में कहा, 'सरकार ट्विटर पर दबाव चाहती है. आरएसएस सूचनाओं को दबाना चाहता है. ऐसे रुख से कोरोना पर काबू में मदद नहीं मिलेगी.'

VIDEO: रवीश कुमार का प्राइम टाइम : भारत में कोरोना से कितने मरे, 42 लाख या 3 लाख?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, India Covid 19, India Coronavirus, Prime Minister Narendra Modi, Rahul Gandhi Covid 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com