विज्ञापन

जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की सफाई, कहा- 'मैं भी पंजाबी हूं, मुझे दुख है'

पंजाब के जालंधर और अमृतसर ब्लास्ट पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी का वीडियो सामने आया है. उसने इन धमाकों में उसका हाथ होने से पल्ला झाड़ा लिया है.

जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की सफाई, कहा- 'मैं भी पंजाबी हूं, मुझे दुख है'

जालंधर अमृतसर में हुए ब्लास्ट को लेकर पाकिस्तान डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी किया है. भट्टी ने कहा है कि उसे जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों पर दुख है. उसने इन धमाकों में उसका हाथ होने की बात से भी इनकार किया है. भट्टी ने कहा है कि वो भी एक पंजाबी है और इसलिए वो इन धमाकों से दुखी है.

पाकिस्तानी डॉन ने जारी किया वीडियो

भट्टी ने वीडियो जारी कर कहा कि पंजाब एक ही है भले ही पाकिस्तान का हो या भारत का. भारत में कुछ भी छोटा-बड़ा हो उसका इल्जाम मुझपर ही लग जाता है. मोदी सरकार ने पहले भी पाकिस्तान के नाम से वोट लिए. सरकार पंजाबियों और मुसलमानों को आपस में लड़ा रही है. कुर्बानी देने के लिए पंजाबी और सिख हैं और मजे लेने के लिए दूसरे हैं. उसने आरोप लगाया कि पुलिस फर्जी मामलों में हमारे बच्चों को पकड़कर एनकाउंटर कर देती है.

जालंधर और अमृतसर में हुए धमाके

बता दें कि हाल ही में पंजाब के जालंधर और अमृतसर में सिलसिलेवार तरीके से दो विस्फोट हुए. इन धमाकों ने पूरे राज्य को दहला दिया. इन धमाकों में पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी का नाम आया.

पुलिस ने बताया कि पहला विस्फोट जालंधर में रात करीब आठ बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुआ, जबकि दूसरा धमाका रात करीब 11 बजे अमृतसर के खासा में सैन्य छावनी के पास हुआ. अमृतसर के SSP सुहैल मीर कासिम ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे खासा की एक सड़क पर तेज आवाज में धमाके की सूचना मिली. एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी व्यक्ति ने चारदीवारी की ओर विस्फोटक उपकरण फेंका और उससे धमाका हो गया. विस्फोट के बाद टिन की शीट का एक टुकड़ा गिर गया, जो दीवार पर लगा था. उन्होने बताया कि घटना के फौरन बाद फॉरेंसिक टीम और बम निष्क्रिय दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा.

वहीं जालंधर में विस्फोट से एक स्कूटर और एक ‘ट्रैफिक सिग्नल' का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया तथा पास की एक दुकान के शीशे टूट गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि पंजाब फ्रंटियर स्थित बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़े स्कूटर में आग लग गई. यह स्कूटर गुरप्रीत सिंह का था, जो नियमित रूप से इलाके में पार्सल पहुंचाते हैं. डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर विस्फोट कम तीव्रता वाला था और किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, उनका मानना ​​है कि इस घटना में पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ हो सकता है.

उन्होंने कहा, ‘हमारा मानना ​​है कि चूंकि आज ऑपरेशन सिंदूर को एक वर्ष पूरा हुआ है, इसलिए यह पंजाब में अशांति फैलाने की पाकिस्तान की आईएसआई की साजिश का हिस्सा है. पंजाब राष्ट्र की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ परोक्ष युद्ध लड़ रहा है.' डीजीपी ने जालंधर विस्फोट के संबंध में कहा कि खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (केएलएफ) ने इसकी जिम्मेदारी ली है.

यह भी पढ़ें: देसी बम, टाइमर से किया गया ब्‍लास्‍ट... अमृतसर में आखिर हुआ क्‍या? पंजाब के DGP ने बताया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Blast, Punjab Blast News, Punjab Blast Gangster, Punjab Blast News Update, Amritsar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com