पुणे से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक मां ने दूसरी शादी की सनक में अपने ही 11 महीने के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. महिला ने अपने बच्चे का सिर सीमेंट के चबूतरे पर कई बार पटका. मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद बच्चे की बॉडी को एक बैग में डालकर इसे कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थी, उसे लग रहा था कि बच्चे के रहते उसकी दूसरी शादी में अड़चन आ सकती है. इसलिए महिला ने बच्चे की हत्या कर दी.
बच्चे के रोने से हो गई थी परेशान
आरोपी मां की पहचान पूजा रवींद्र पवार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. जणगाव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, पूजा पवार अपने बेटे यश और परिवार के साथ कोंकण के मुरुड घूमने गई थी. यात्रा से लौटने के बाद बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे पूजा मानसिक रूप से परेशान हो गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान उसके मन में यह आशंका घर कर गई कि यदि बच्चा उसके साथ रहा तो उसकी दूसरी शादी में बाधा आएगी.
सीमेंट के चबूतरे पर बच्चे के सिर को पटका
इसी सोच के चलते आरोपी मां ने अपने ही बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. पुलिस के अनुसार, पूजा ने घर के सामने बने सीमेंट के चबूतरे पर 11 महीने के बच्चे का सिर जोर से पटक दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद उसने जमीन पर फैले खून के धब्बों को पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की.
ये भी पढ़ें :- आगरा में बच्ची का हत्यारा पुलिस एनकाउंटर में ढेर, बच्ची की हत्या कर आटे के कनस्तर में छिपाया था शव
शव बैग में भर, खेत के कुएं में फेंका
महिला ने इसके बाद बच्चे के शव को कपड़ों के एक बैग में रखा. बैग को पानी में डुबोने के लिए उसमें भारी पत्थर भरे और उसे पास के एक खेत में बने कुएं में फेंक दिया. घटना को अंजाम देने के बाद उसने किसी को भी इसकी जानकारी नहीं दी. मृतक बच्चे के पिता रवींद्र अशोक पवार को जब संदेह हुआ, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी मां से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
ये भी पढ़ें :- बुलंदशहर में मासूम के साथ हैवानियत, 6 साल की बच्ची की गैंगरेप के बाद हत्या, पुलिस मुठभेड़ में 2 आरोपी घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं