अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध की बढ़ती तपिश के बीच राष्ट्रपति ट्रंप के ईरान को दिए गए अल्टिमेटम में कुछ ही घंटे बाकी हैं. पूरी दुनिया दिल थामकर इसका इंतजार कर रही है. अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष रोकने के लिए वार्ता कभी हां, कभी ना की स्थिति में है. पहले खबर आई थी कि ट्रंप की समूल विनाश की धमकी के बाद, ईरान ने बातचीत के दरवाजे बंद कर दिए हैं. हालांकि अब अमेरिकी अधिकारी खुद कह रहे हैं कि बातचीत जारी है और सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है.
डेडलाइन तक डील होने की उम्मीद कम
वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से फॉक्स न्यूज ने दावा किया है कि सीजफायर को लेकर ईरान ने अभी तक सकारात्मक रुख दिखाया है. उम्मीद की इस किरण के बावजूद इस बात को लेकर आशंका कायम है कि ट्रंप की 8 PM (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) की डेडलाइन तक कोई एग्रीमेंट हो पाएगा या नहीं.
ईरान का नया प्रस्ताव सकारात्मक
एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने Axios से बातचीत में संकेत दिया कि हालात अब सकारात्मक रूप लेते दिख रहे हैं. अधिकारी के मुताबिक, ईरान की ओर से मिला पिछला प्रस्ताव हालांकि पूरी तरह वैसा नहीं था जैसा अमेरिका चाहता था, लेकिन यह अमेरिका की उम्मीद से काफी बेहतर और सकारात्मक है.
ईरान दे रहा पॉजिटिव संकेत
फॉक्स न्यूज के मुताबिक, अमेरिका के सीनियर अधिकारी ने कहा है कि निश्चित रूप से हम ईरान के संपर्क में हैं. बातचीत अब तक पॉजिटिव रही है. अगर किस्मत ने साथ दिया तो कुछ घंटे में हम कुछ नतीजा निकालने की स्थिति में होंगे.
देखें- 'ये सनक और पागलपन'... ईरान को ट्रंप की धमकियों पर विपक्षी ही नहीं, अपनों ने भी खोला मोर्चा
ट्रंप ने दी है महाविनाश की धमकी
याद दिला दें कि ट्रंप ने ईरान को ईस्टर्न टाइम के हिसाब से रात 8 बजे तक का समय दिया है. उन्होंने कहा है कि या तो ईरान एग्रीमेंट को स्वीकार कर ले और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोल दे, वरना जंग को नए स्तर तक ले जाएंगे. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस खड़ा नहीं किया जा सकेगा. मैं ये करना नहीं चाहता, लेकिन ये होकर रहेगा.
धमकियों से नहीं डरतेः ईरान
इसके बाद ईरान ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा था कि वह ट्रंप की धमकियों से नहीं डरता. ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा कि ईरानी सभ्यता ने हजारों वर्षों से अपने दुश्मनों के 'भ्रम' को मात दी है. ईरान ट्रंप की धमकियों से डरने वाला नहीं है. ईरानी सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने भी कहा कि ईरान खोखले वादों पर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलेगा.
देखें- ‘जंग तुमने शुरू की तो खत्म नहीं कर पाओगे', ट्रंप की धमकी पर ईरान का तीखा पलटवार
कभी ना, कभी हां... वार्ता जारी
इसके बाद, तेहरान टाइम्स ने खबर दी कि ईरान ने अमेरिका के साथ सभी राजनयिक और अप्रत्यक्ष बातचीत पूरी तरह बंद कर दी है. संदेशों का आदान-प्रदान भी रोक दिया है. हालांकि कुछ ही देर बाद मीडिया आउटलेट ने अपने सुर बदलते हुए कहा कि राजनयिक चैनल अभी बंद नहीं हुए हैं. यह संकेत है कि जंग रोकने के लिए पर्दे के पीछे कोशिशें अब भी जारी हैं.
जेडी वेंस ने भी जताई उम्मीद
इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी उम्मीद जताई है कि बातचीत अभी जारी है और किसी सकारात्मक समाधान तक पहुंचा जा सकता है. मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने भी उम्मीद जताई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं