- केतन अग्रवाल की हत्या मामले में गिरफ्तार सिया और चेतन से पुलिस टीम लगातार पूछताछ कर रही है.
- लेकिन सनसनीखेज मामले के खुलासे के बाद पुलिस की पूछताछ में दोनों पुलिस को घुमा रहे हैं.
- सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों केतन की हत्या की साजिश रचने का आरोप एक-दूसरे पर लगा रहे हैं.
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की जिस तरीके से हत्या की गई, उससे पूरे देश में उबाल है. लोगों का कहना है कि यहां केवल एक युवक की हत्या नहीं हुई बल्कि हत्या उस भरोसे की भी हुई, जो आगे चलकर जीवन का आधार बनते है. लेकिन इस मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम को अब नई मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है. पुलिस ने कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जांच के जरिए यह तो खुलासा कर दिया कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की. लेकिन पुलिस की पूछताछ में अब दोनों सिया और चेतन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.
केतन की हत्या की साजिश रचने का आरोप एक-दूसरे पर लगा रहे सिया और चेतन
दरअसल पूछताछ में सिया गोयल और चेतन चौधरी अब केतन की हत्या की साजिश रचने के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश का आरोप है. शुरुआत में दोनों ने भागकर शादी करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में सिया ने अपने परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा की चिंता के कारण अपना इरादा बदल लिया था.
सिया ने केतन से सगाई तोड़ने की कोशिशें की थी
पुणे के इस चर्चित मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि केतन की हत्या करने से पहले सिया ने सगाई तोड़ने के तरीकों पर चर्चा की थी. सिया और चेतन ने कई तरकीबें सोची कि केतन इस रिश्ते से दूर हो जाए. लेकिन परिवार की प्रतिष्ठा आड़े आ जाती थी.
चेतन ने बताया- उसका मकसद बस सिया के साथ भागना था
पूछताछ के दौरान, चेतन ने पुलिस को बताया कि उसका मकसद सिर्फ सिया के साथ भागना था और हत्या के लिए सिया ने ही जोर दिया था. वहीं सिया ने केतन की हत्या की पूरी जिम्मेदारी चेतन पर डाल दी है. उसने जांचकर्ताओं को बताया कि हत्या का विचार चेतन का ही था. सिया ने यह भी बताया कि 14 जून को केतन की जान लेने की एक पिछली कोशिश नाकाम होने के बाद चेतन उसके सामने रो पड़ा था.
सिया के पिता ने बोले- बेटी दोषी तो फांसी दो
दूसरी ओर सिया के पिता प्रवीन गोयल और मां ने कहा है कि अगर उनकी बेटी दोषी है, तो उसको अभी के अभी फांसी दे दो. सिया के पिता फिलहाल पुणे के एक अस्पताल में भर्ती में हैं. उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद यहां भर्ती कराया गया था.
यह भी पढ़ें - 'जो भी मेरे बच्चे की हत्या में शामिल हैं उन्हें फांसी हो...', NDTV से खास बातचीत में बोले केतन के पिता विशाल अग्रवाल
यह भी पढे़ं - 'हमारी बेटी और चेतन दोनों को फांसी दो...,' केतन हत्याकांड पर सिया के माता-पिता का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं