- सिया ने 6 जून को बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट को विफल करने के लिए केतन का पासपोर्ट चुरा लिया था.
- घटना वाले दिन सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे. दोनों ने केतन को मारने की योजना पर चर्चा की.
- सिया और चेतन पिछले छह महीनों से संपर्क में थे. इस दौरान दोनों के बीच 2,004 फोन कॉल पर 238 घंटे बातचीत की.
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के रियल एस्सेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की खौफनाक साजिशों से जुड़े राज सामने आ रहे हैं. अब पुलिस ने इस मामले से जुड़े कई और खुलासे किए हैं. पुलिस ने दावा किया है कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पिछले छह महीनों से लगातार संपर्क में थे. दोनों के बीच इस दौरान 2,004 फोन कॉल हुईं और उन्होंने लगभग 238 घंटे फोन पर बातचीत की. पुलिस का मानना है कि यह बातचीत हत्या की साजिश का हिस्सा थी.
पुलिस के अनुसार, 18 जून को 26 वर्षीय केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की घाटी में धक्का देकर मार दिया गया. इस मामले में सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है.

केतन अग्रवाल और उसकी मंगेतर सिया गोयल, जिसने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या.
Photo Credit: सोशल मीडिया
केतन की हत्या वाले दिन भी कैफे में मिले थे सिया और चेतन
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच से यह सामने आया कि घटना वाले दिन सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे. वहां दोनों ने अग्रवाल को रास्ते से हटाने की योजना पर चर्चा की और किले पर वह स्थान भी तय किया, जहां से उसे घाटी में धक्का दिया जा सके. पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन अपने रिश्ते में केतन को बाधा मानते थे और इसी वजह से उन्होंने उसे खत्म करने की साजिश रची.
सिया ने चुरा लिया था केतन का पासपोर्ट
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया ने 6 जून को बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट को विफल करने के लिए कथित रूप से केतन का पासपोर्ट चुरा लिया था. पुलिस का दावा है कि मुंबई एयरपोर्ट जाते समय खालापुर के एक फूड मॉल में उसने कार से पासपोर्ट निकालकर महिलाओं के शौचालय में फेंक दिया था. पुलिस ने बताया कि सिया और केतन की फरवरी में सगाई हुई थी और नवंबर में उदयपुर में उनकी भव्य शादी होने वाली थी, जिसके लिए एक महल भी बुक किया गया था.
बार-बार लोहागढ़ जाने का दबाव बना रही थी सिया
जांच के दौरान परिवार के सदस्यों से पूछताछ में पता चला कि सिया कई बार केतन को लोहागढ़ किले पर ले जाने के लिए दबाव बना रही थी. 31 मई को वह उसे वहां लेकर गई थी, जबकि 4 जून को दोबारा जाने का आग्रह किया था, लेकिन केतन की मां ने इसकी अनुमति नहीं दी.
14 जून को भी दिया था धक्का, लेकिन तब बच गया था केतन
पुलिस का यह भी दावा है कि 14 जून को सिया ने कथित रूप से केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह एक झाड़ी पकड़कर बच गया. उस समय सिया ने सांप होने का झूठा बहाना बनाकर खुद को उसका रक्षक दिखाने की कोशिश की थी.
CCTV फुटेज में हुडी पहने दिखा था चेतन
सीसीटीवी फुटेज में चेतन चौधरी को हुडी पहनकर सिया और केतन का पीछा करते हुए देखा गया. पुलिस को 33 डिग्री सेल्सियस तापमान में उसका हुडी पहनना और संदिग्ध गतिविधियां असामान्य लगीं, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया.

चेतन के वकील और पिता बोले- उसे फंसाया जा रहा
चेतन चौधरी के वकील राम शाहाणे ने कहा कि उनके मुवक्किल को झूठा फंसाया गया है. उनका कहना है कि एफआईआर में चेतन की भूमिका स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है और केवल सिया का प्रेमी होने के आधार पर उसे आरोपी बनाया गया है. वहीं, चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने भी अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया कि सिया खुद को बचाने के लिए चेतन को फंसाने की कोशिश कर रही है.
केतन के परिवार ने फास्ट ट्रैक ट्रायल की मांग की
केतन अग्रवाल के परिवार ने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है. पीड़ित परिवार इस अपराध में शामिल आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है. केतन के पिता ने कहा कि मामले की जल्द से जल्द सुनवाई होकर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है. परिवार को उम्मीद है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस अदालत में मजबूती के साथ अपना पक्ष रखेगी.
यह भी पढ़ें - सिया ने 4 दिन पहले भी लोहगढ़ किले से केतन को दिया था धक्का, झाड़ी पकड़कर बची थी जान, बोली- 'वहां सांप था'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं