- PM मोदी ने मिडिल ईस्ट संकट पर अफवाह फैलाने वाले राजनेताओं को देश को नुकसान पहुंचाने से बचने की नसीहत दी
- नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया
- पीएम मोदी ने बताया कि कोरोना संकट के दौरान भी अफवाह फैलाने वालों की राजनीति को देश की जनता ने नकार दिया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान और इजरायल युद्ध के कारण खड़े हुए मिडिल ईस्ट संकट पर अफवाह फैलाने वाले राजनेताओं नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को जनता कभी माफ नहीं करती है. ऐसा कोरोना काल के संकट में भी देखने को मिला. उत्तर प्रदेश के जेवर में आज देश के एविएशन सेक्टर को नई ऊंचाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी थी.
जनता के हित में भारत सरकार की नीति
मिडिल ईस्ट संकट के बीच अफवाह फैलाने वाले राजनेताओं को नसीहत देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "पूरी दुनिया संकट की घड़ी से गुजर रही है. ऐसे में हम सभी भारतीयों को एकजुट होकर इसका सामना करना है. यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. मैं देश के सभी राजनीतिक दलों से आग्रहपूर्वक कहना चाहता हूं कि इस प्रकार के संकट में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं. जो भारतीयों के हित में है, भारत के हक में है, वहीं, भारत सरकार की नीति और रणनीति है. राजनीति के लिए गलत बयानबाजी करने वाले, राजनीतिक बहस में तो कुछ नंबर पा लेंगे. लेकिन देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को देश की जनता कभी माफ नहीं करती है."

कोरोना संकट में लोगों ने हश्र देखा
कोरोना काल का उदाहण देते हुए पीएक मोदी ने कहा, "कोरोना के महासंकट के दौरान भी कई लोगों ने अफवाह फैलाई, वैक्सीन को लेकर झूठ बोले, ताकि सरकार का काम मुश्किल हो. देश को नुकसान हो, इसका परिणाम क्या हुआ? देश की जनता ने ऐसी राजनीति को नकार दिया. मुझे पूरा भरोसा है कि देश के सभी राजनीतिक दल भी इससे सबक सीखेंगे और देश के एकजुट प्रयासों को वो बल देंगे."
ये भी पढ़ें :- नोएडा मत जाओ मोदीजी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने... जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर PM मोदी का सपा का निशाना

एयरपोर्ट उद्धाटन पर PM मोदी को आई वाजपेयी की याद
जेवर में एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "यह एक ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जहां हर दो मिनट में एक जहाज उड़ान भरेगा. पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है. जेवर एयरपोर्ट 'डबल इंजन' सरकार की कार्य संस्कृति का भी बहुत अच्छा उदाहरण है." उन्होंने कहा कि 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने इस एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना. केंद्र में कांग्रेस और यहां (उत्तर प्रदेश) की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी. 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा. जब हमारी सरकार बनी तो उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार की थी. शुरू के दो तीन सालों में सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया, लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी, निर्माण भी हुआ और आज उद्घाटन भी हो गया है.
ये भी पढ़ें :- जो भारतीयों के हक और हित में है, वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है....मिडिल ईस्ट तनाव पर बोले पीएम मोदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं