एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच का आयोजन इस बार दुनिया में काशी के नाम से मशहूर शहर वाराणसी में 29-30 नवंबर को किया जा रहा है. इसे 'जश्न बनारसिया' नाम दिया गया है. एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच रचनात्मकता, संस्कृति और संवाद का एक अनूठा मंच है. इस मंच पर कलाकारों, क्रिएटर्स, विचारकों और संस्कृति से जुड़ी विशिष्ट आवाजों को अपनी बात रखने का मौका मिलता है. वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों में प्रोफेसर बद्री नारायण तिवारी का नाम भी शामिल है. आइए बताते हैं कि कौन है यह प्रोफेसर.
कौन हैं प्रोफेसर बद्री नारायण तिवारी
साहित्य और शिक्षण की दुनिया में प्रोफेसर बद्री नारायण तिवारी एक जाना-माना नाम हैं. इस समय वह टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के कुलपति हैं. शिक्षा, शोध और हिंदी कविता के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण है. कवि होने के साथ-साथ वह एक सामाजिक इतिहासकार और सांस्कृतिक मानवशास्त्री हैं. उनका अध्ययन दुनिया के अलग-अलग देशों में लोकतंत्र की जटिलताओं, जाति और वंचित समुदायों के जीवन की चुनौतियों और विभिन्न समुदायों में सत्ता और संस्कृति के आपसी संबंधों के इर्द-गिर्द है. वो हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लिखते हैं. उन्हें 2022 में साहित्य की दुनिया का सबसे बड़ा पुरस्कार माने जाने वाले 'साहित्य अकादमी पुरस्कार' से सम्मानित किया गया था. यह पुरस्कार उनके कविता संग्रह 'तुमड़ी के शब्द' के लिए दिया गया था.
प्रो. तिवारी की शिक्षा पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हुई है. उन्होंने आधुनिक इतिहास में एमए और पीएचडी की उपाधि हासिल की है. टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के कुलपति का पद संभालने से पहले वो दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) और प्रयागराज के गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान में भी पढ़ा चुके हैं.
प्रोफेसर बद्री नारायण तिवारी की किताबें और सम्मान
उनकी प्रमुख किताबों में 'रिपब्लिक ऑफ हिंदुत्व: हाउ द संघ इज रीशेपिंग इंडियन डेमोक्रेसी', 'फ्रैक्चर्ड टेल्स: इनविजिबल्स इन इंडियन डेमोक्रेसी', 'द मेकिंग ऑफ द दलित पब्लिक इन नॉर्थ इंडिया: उत्तर प्रदेश 1950-वर्तमान', 'वुमेन हीरोज एंड दलित असर्शन इन नॉर्थ इंडिया', 'फैसिनेटिंग हिंदुत्व- सैफ्रन पॉलिटिक्स एंड दलित मोबिलाइजेशन' के नाम शामिल हैं. 'तुमड़ी के शब्द' के अलावा 'खुदाई में हिंसा', 'शब्दपदीयम्' और 'सच सुने कई दिन' के नाम से उनकी कविताओं के संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं. 'शब्दपदीयम्' के लिए 2006 में उन्हें 'केदार सम्मान' से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा हिंदी कविता में उनके योगदान के लिए जयपुर साहित्य महोत्सव समिति ने 2025 के 'कन्हैया लाल सेठिया पुरस्कार' से सम्मानित किया था. इनके अलावा उन्हें 'भारत भूषण सम्मान','बनारसी प्रसाद भोजपुरी सम्मान', 'स्पंदन कीर्ति पुरस्कार','राष्ट्रकवि दिनकर पुरस्कार', 'शमशेर सम्मान' और 'मीरा स्मृति सम्मान' से भी सम्मानित किया जा चुका है. उनकी कविताओं का अंग्रेजी, बांग्ला, ओड़िया, मलयालम, उर्दू और भारत की कई दूसरी भाषाओं में अनुवाद हुआ है.
ये भी पढ़ें: एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच पर आएंगे चार साल की उम्र से भागवत कथा सुनाने वाले 'जेन जी बाबा'शाश्वत आचार्य?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं