विज्ञापन
This Article is From Jul 05, 2022

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के सीएम से की मुलाकात, समर्थन मांगा

झामुमो ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुर्मू के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जो राज्य की पूर्व राज्यपाल हैं. उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और अर्जुन मेघवाल के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी थे.

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के  सीएम से की  मुलाकात, समर्थन मांगा
द्रौपदी मुर्मू ने झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात

राष्ट्रपति पद की राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड का दौरा किया और देश के सर्वोच्च पद के चुनाव में राज्य के भाजपा विधायकों तथा सांसदों के अलावा सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन मांगा. उन्होंने राज्य में राजग विधायकों और सांसदों के अलावा झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन, इसके कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की.

झामुमो के एक प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने अभी तक 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार को समर्थन देने के बारे में अपने रुख की घोषणा नहीं की है और इस सप्ताह निर्णय लिया जाएगा. झामुमो ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुर्मू के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जो राज्य की पूर्व राज्यपाल हैं. उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और अर्जुन मेघवाल के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी थे.

ये भी पढ़ें- अगली बारी राजस्थान, झारखंड की, महाराष्ट्र में सत्ता में परिवर्तन के बाद बोले बीजेपी नेता

सोरेन ने एक ट्वीट में कहा कि भगवान बिरसा की पवित्र भूमि पर उनके (मुर्मू) आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. आदरणीय द्रौपदी जी को हमारी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं. मुर्मू और सोरेन दोनों आदिवासी नेता हैं तथा वे संथाल जातीय समूह से ताल्लुक रखते हैं, जिसकी झारखंड के साथ-साथ ओडिशा में भी बड़ी आबादी है.

इससे पहले मुर्मू ने सोरेन से फोन पर बात कर चुनाव में उनकी पार्टी का समर्थन मांगा था. वरिष्ठ झामुमो नेता लोबिन हेमब्राम ने बताया कि पार्टी ने सोरेन को राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए उचित निर्णय लेने के लिहाज से अधिकृत किया है. हेमब्राम ने कहा, ‘‘वह (सोरेन) हाल में गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे और हम बहुत जल्द अपना निर्णय सुनाएंगे.'' मुख्यमंत्री सोरेन और उनके पिता के साथ मुर्मू की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि अगर झामुमो आगामी राष्ट्रपति चुनाव में संप्रग के उम्मीदवार का समर्थन नहीं करती तो झारखंड के लोगों को अच्छा संदेश नहीं जाएगा. हालांकि ठाकुर ने कहा कि हर कोई अपना निर्णय लेने को स्वतंत्र है क्योंकि राज्य में गठबंधन केवल चुनाव लड़ने के लिए बना है, राष्ट्रपति चुनाव में मतदान समेत किसी अन्य विषय के लिए नहीं.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Presidential Polls, Droupadi Murmu, Jharkhand Chief Minister, Jharkhand
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com