- दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 में पावर बैंक में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति बनी.
- केबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाई और पायलट ने फ्लाइट को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया.
- फ्लाइट हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराई गई और सभी यात्री सुरक्षित हैं.
जरा सोचिए, आप फ्लाइट में यात्रा कर रहे हो, आपके सिर के ठीक ऊपर हल्के सामान रखने वाले केबिन में अचानक आग लग जाए तो क्या हालत होगी? ऐसा ही कुछ रविवार को हुआ, दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में. दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 में रविवार को पावर बैंक में आग लगने से अफरा-तफरी की स्थिति हो गई. केबिन से आग धुआं निकलता देख यात्रियों के होश उड़ गए. इसके बाद जब केबिन के कवर को खोला गया तो तेज आग दिखी. इसके बाद फ्लाइट को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया.
फ्लाइट को चेन्नई के बदले हैदराबाद में करवाया गया लैंड
आग लगने पर केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की. आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया. फिर फ्लाइट को हैदराबाद में सुरक्षित उतार लिया गया. इस दौरान कुछ देर के लिए फ्लाइट में बैठे लोगों की हालत खराब हो गई थी. लेकिन गनीमत रही कि फ्लाइट को सुरक्षित हैदराबाद में लैंड करवा लिया गया. सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं.
बताया गया केबिन में रखे पावर बैंक में आग लगी थी. इस घटना का एक डरावना वीडियो सामने आया है, जिसे एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था. इसमें दूसरे यात्री अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इंडिगो ने असुविधा के लिए जताया खेद
दिल्ली-चेन्नई फ्लाइट में आग लगने की घटना पर इंडिगो की ओर से बयान भी आया है. इडिगो ने अपने बयान में बताया कि दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 को रविवार, 11 अक्टूबर को हैदराबाद डायवर्ट किया गया. विमान में यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा था.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओवरहेड लगेज केबिन में रखे पावर बैंक में आग लगने की घटना हुई. केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति पर काबू पा लिया. सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया. विमान की राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैदराबाद पर सुरक्षित लैंडिंग हुई.
यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है. इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है. यात्रियों को जलपान दिया जा रहा है और उन्हें समय-समय पर जानकारी दी जा रही है. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. मालूम हो कि कुछ दिनों पहले पटना से लखनऊ आ रही फ्लाइट पर बिजली गिरने से भारी अफरा-तफरी मची थी.
यह भी पढ़ें - 17 हजार फीट की ऊंचाई, सवार थे 150 यात्री… तभी इंडिगो प्लेन पर गिरी बिजली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं