- पटना-लखनऊ फ्लाइट पर मंडराया खतरा, पायलट ने बचा ली 150 लोगों की जान
- आकाशीय बिजली की चपेट में आया इंडिगो प्लेन, नोज हुई क्षतिग्रस्त
- लखनऊ में सुरक्षित उतरा विमान, DGCA ने शुरू की जांच
पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक उड़ान उस समय बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई, जब खराब मौसम के बीच विमान 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया. विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित रूप से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार दिया. विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सदस्य सुरक्षित हैं. घटना के बाद विमान को जांच और तकनीकी परीक्षण के लिए तत्काल ग्राउंड कर दिया गया.
उड़ान के दौरान गिरी आकाशीय बिजली
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E625 (अपडेट के अनुसार 6E925) ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ान भरी थी. विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था. उड़ान के दौरान मौसम अचानक खराब हो गया. इसी दौरान विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था, जब वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया. खराब मौसम और ओलावृष्टि जैसी परिस्थितियों के बीच विमान के अगले हिस्से यानी रेडोम को नुकसान पहुंचा.

पायलट ने सुरक्षित कराई लैंडिंग
विमान को नुकसान पहुंचने के बावजूद पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और तत्काल आवश्यक प्रक्रिया अपनाई. इसके बाद विमान की चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान निर्धारित समय से पहले शाम करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर गया. घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.
सभी यात्री सुरक्षित
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक विमान में करीब 150 यात्री सवार थे. वहीं एयरलाइन की ओर से जारी जानकारी में यात्रियों और क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने की बात कही गई है. हादसे के बावजूद किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई. सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया.
विमान को किया गया ग्राउंड
घटना के बाद संबंधित विमान को तत्काल सेवा से हटा दिया गया. एयरलाइन ने कहा कि विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति तभी दी जाएगी, जब सभी जरूरी तकनीकी निरीक्षण और मरम्मत कार्य पूरे हो जाएंगे. एयरलाइन ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है. इंजीनियरों की टीम विमान की विस्तृत जांच कर रही है.
अहमदाबाद जाने वाली उड़ान हुई प्रभावित
यही विमान लखनऊ से अहमदाबाद के लिए 6E6968 उड़ान के रूप में संचालित होने वाला था. लेकिन तकनीकी जांच के चलते उसे लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया. इसके बाद इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की. सभी यात्रियों को वैकल्पिक विमान से शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया.
DGCA ने शुरू की जांच
घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है. नियामक एजेंसी यह पता लगाएगी कि विमान को कितना नुकसान हुआ और मौसम संबंधी परिस्थितियों का घटना में क्या प्रभाव रहा. जांच पूरी होने और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा.
हाल के दिनों में इंडिगो का दूसरा मामला
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में इंडिगो का एक अन्य विमान बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था. गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही उस उड़ान में खराब मौसम के बीच लैंडिंग के दौरान विमान को असामान्य रनवे संपर्क (टेल स्ट्राइक) का सामना करना पड़ा था. उस विमान को भी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया था.
यह भी पढ़ें : पटना-लखनऊ फ्लाइट पर गिरी बिजली, 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं